सोमवार, 7 जनवरी 2013

मजबूत हों संस्कारों के तटबंध


http://in.jagran.yahoo.com/epaper/index.php?location=49&edition=2013-01-07&pageno=9

मजबूत हों संस्कारों के तटबंध
 डॉ. महेश परिमल
 देश में कोई घटना हो या दुर्घटना, बयानवीर नेताओं को तो बोलना ही है। वह भी बेहूदा तरीके से, ताकि बयान सुर्खियां बन जाएं। मानव की सोच उसके विचार से स्पष्ट होती है और सोच तैयार होती है संस्कार से। आज की पीढ़ी इतनी संस्कारवान तो है कि अपनी प्रेमिका की जान बचाने के लिए जूझ सकती है। पीठ दिखाकर भागने वाली पीढ़ी नहीं है यह। पर यह तो सोचिए कि क्या मोमबत्ती जलाने से सोच बदली जा सकती है? सोच बदलने के लिए अच्छे संस्कार होने चाहिए। एक मां अपनी कोख से बेटे को जन्म देती है और बेटी को भी। आगे चलकर बेटे को स्वतंत्रता और बेटी को जंजीरें मिलती हैं। आखिर इसका क्या कारण है? संस्कार की गलत शुरुआत तो यहीं से हो रही है। आज सोचने का वक्त पालकों का है। हमारे देश के नेताओं को ऐसे संस्कार मिले ही नहीं, यह तो उनके बयानों से ही स्पष्ट हो जाता है। नेता हमेशा यही कहते हैं कि मीडिया ने उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया। किसी विवादास्पद बयान के बाद हर नेता यही कहता है कि उनके पूरे बयान पर ध्यान नहीं दिया गया। दुष्कर्म जैसी घटना नृशंस है, अमानवीय है और दुष्कर्मी कड़ी से कड़ी सजा का पात्र है। दुष्कर्म क्यों होते हैं, यह सभी जानते हैं। पर इसे रोकने के लिए क्या करना चाहिए, इस पर विचार नहीं किया जा रहा है। ये बयानवीर नेता दुष्कर्म के लिए केवल महिला को ही दोषी मान रहे हैं। क्या इसके लिए केवल और केवल महिला ही दोषी है? ये नेता भूल जाते हैं कि दुष्कर्म के आरोपी सांसद-विधायक भी हैं, जो उनके साथ संसद और विधानसभा में आजतक बैठ रहे हैं। नेताओं के बयान खाप पंचायतों के मनसबदारों की तरह हैं, जो आज भी पुरातत्वकालीन युग में जी रहे हैं। दुष्कर्म को लेकर आज जो भी बयान सामने आ रहे हैं, वे सभी पूर्वाग्रह से ग्रस्त हैं। सोच बदलने की बात कोई नहीं कर रहा है। पहले नेताओं के बारे में यह कहा जाता था कि वे जब भी जो कुछ कहते हैं, पूरी तरह से नाप-तौलकर बोलते हैं। पर अब ऐसा नहीं है। अब तो बड़े-बड़े महारथी नेताओं की जुबान फिसलने लगी है। उन्हें खुद ही पता नहीं होता कि वे क्या कह रहे हैं। बाद में पछताते हैं और अपने बयान वापस लेने का ढोंग करते हैं। शायद उन्हें नही मालूम की बंदूक से निकली गोली और जबान से निकले शब्द कभी वापस नहीं आते। आज सबसे अधिक जरूरत यह है कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को किस तरह से रोका जाए। ऐसे में हमारे बयानवीर नेता अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। विचार मंथन के समय ऐसी हरकतों शोभा नहीं देती। इन नेताओं को शायद इंडिया गेट और जंतर-मंतर पर भीड़ कम होने का ही इंतजार था। भीड़ घटी और नेता फट पड़े। मध्य प्रदेश के उद्योग मंत्री कैलास विजयवर्गीय ने कहा कि यदि नारी लक्ष्मण रेखा पार करेंगी तो रावण ही मिलेगा। यदि वे इसे दिल्ली में हुए सामूहिक दुष्कर्म से जोड़कर कह रहे हैं तो सवाल यह उठता है कि दामिनी ने कौन-सी लक्ष्मण रेखा पार की थी, जो उसे छह-छह रावण मिले? आज नारी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है और समाज को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे रही है। ऐसे में इस तरह का बयान मूर्खतापूर्ण है। यदि सीता ने लक्ष्मण रेखा पार की थी तो क्या उसे पूजा नहीं जाना चाहिए। आखिर उनकी पूजा क्यों हो रही है? सीता के बजाय रावण की हरकतों पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है? क्या रावण के लिए लक्ष्मण रेखा नहीं होनी चाहिए? नारी पर हर तरह से बंदिशें लगाई जा रही हैं, पर पुरुष आज तक अपनी मनमानी कर रहा है। देश में दुष्कर्म की घटना एक सामाजिक रोग है। इसे भौगोलिक सीमा में नहीं बांधना चाहिए। इसे पाश्चात्य संस्कृति से भी जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। नारी अत्याचार को लेकर पहले अपनी सोच बदलनी होगी। इसे संस्कार से जोड़कर देखा जाना चाहिए। राम बनने के लिए कौशल्या जैसी मां और दशरथ जैसे पिता का होना जरूरी है। आज जवान बेटे की हरकतों से डरने वाले माता-पिता बेटे को अनजाने में किस तरह का संस्कार दे रहे हैं, किसी से छिपा नहीं है। बेटे को मिली छूट को ही देखकर बेटी भी यदि बगावत करे तो उस पर तुरंत ही पाबंदी लगा दी जाती है। नारी पहले से ही अपनी सीमाओं में है, पर पहले पुरुष तो अपनी सीमा तय करे। संस्कारों के तटबंध मजबूत होंगे, तभी सीमाएं सुरक्षित रह पाएंगी। अन्यथा, आज जो कुछ हो रहा है, हालात उससे भी बदतर हो सकते हैं। (लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं)


दैनिक जागरण के राष्‍ट्रीय संस्‍करण में प्रकाशित मेरा आलेख

http://in.jagran.yahoo.com/epaper/index.php?location=49&edition=2013-01-07&pageno=9

Post Labels