बुधवार, 18 मई 2022

ब्रह्मास्त्र के रूप में उभरता बुलडोजर



इन दिनों देश में बुलडोजर संस्कृति का लगातार विस्तार हो रहा है। यह संस्कृति अब राज्यों की सीमाएं तोड़ने लगी हैं। एक सख्त कदम उठाने की ओर संकेत देने वाली यह संस्कृति कुछ लोगों को भा रही है, तो कुछ लोगों के लिए आंख की किरकिरी बन गई है। बरसों से अवैध रूप से बनी आलीशान इमारतों को देखते हुए ईर्ष्या होती थी, उसे ही जमींदोज होते देखना बड़ा सुकूनभरा लम्हा रहा। कई स्थानों पर इस बुलडोजर ने इमारतें जमींदोज कर वहां बागीचे बना दिए। अब उस बागीचे में बच्चों की किलकारियां गूंजती हैं। अच्छा लगता है यह सब देखकर। दूसरी ओर अवैध रूप से शान से इमारतें खड़ी करने वाले अब दहशत में हैं। बरसों तक उनका राज चलता रहा, एक पल में ही उनकी दुनिया ही बदल गई। लोगों तक यह संदेश पहुंचा कि बुरे दिन की शुरुआत ऐसे ही होती है। इसलिए कभी किसी का बुरा मत करो। बुलडोजर संस्कृति पनपने का एक कारण देश के नेता ही हैं, जो अपनी काली कमाई को इस तरह से सफेद करने में लगे हुए हैं। अवैध काम करने वालों पर हमेशा नेताओं का वरदहस्त होता है, तभी वे अवैध कामों को अंजाम दे पाते हेैं।

हमारे देश में बहुत की कम ऐसे नेता हैं, जिन्हें लोग सम्मान की दूष्टि से देखते हैं। कई नेता तो अपनी आदतों के कारण विभिन्न नामों से याद किए जाते हैं। लोगों ने नेताओं को कई नाम दे रखे हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि अब नेता भी कुछ विशेष नामों से बुलाए जाने लगे हैं। बुलडोजर बाबा, बुलडोजर मामा, बुलडोजर दादा। इस तरह से कुछ नेताओं के नए नाम उभरे हैं। बुलडोजर होने को तो एक मशीन ही है, पर आज यह विपक्ष के नेताओं की किरकिरी बना हुआ है। संभव है इस बार यह बुलडोजर किसी न किसी दल का चुनाव चिह्न बन जाए। अब तो किसी नेता के मुंह से बुलडोजर शब्द का निकलना ही विवाद को जन्म देने लगा है। यहां तक कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अपनी भारत यात्रा के दौरान गुजरात के दाहोद में जेसीबी बुलडोजर में क्या बैठ गए, लोगों ने उन्हें भी लपेट लिया। वे भी ट्रोल का शिकार हो गए। उधर दिल्ली में ऐसा पहली बार हुआ कि बुलडोजर की कार्यवाही को रोकने के लिए अदालत को दो बार स्टे ऑर्डर देना पड़ा। भारतीय राजनीति में पहली बार बुलडोजर इतना हावी दिखाई दिया। विपक्ष के लिए यह बुलडोजर आंख की किरकिरी बन गया है। क्योंकि जिसके भी खिलाफ बुलडोजेर का इस्तेमाल किया गया है, वह किसी न किसी रूप से विपक्षी दलों से सम्बद्ध है। ऐसे में कुछ भी कहना यानी एक नए विवाद को जन्म देना है। एक तरह से यह एक टॉकिंग पाइंट बन गया है।

बुलडोजर का इस्तेमाल पहले समृद्ध किसान किया करते थे। अब यह अवैध निर्माण को ढहाने के काम में आने लगा है। अब तो जो नेता जितना अधिक बुलडोजर का इस्तेमाल करता है, वह उतना ही अधिक लोकप्रिय भी होने लगा है। नेताओं के लिए यह एक तरह से ब्रह्मास्त्र के रूप में जाने जाना लगा है। सबसे पहले बुलडोजर का उपयोग रेत और पत्थरों को रास्ते से हटाने के लिए किया गया। उसके बाद इसका विस्तार होने लगा। अब यह निर्माण कार्यों, खनिज कार्यों, तालाब गहरीकरण, नहर निर्माण के लिए इस्तेमाल में आने लगा है। लेकिन अब इसका दावानल रूप सामने आने लगा है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने इसका इस्तेमाल अवैध रूप से बनी हुई इमारतों के लिए किया। तब से पूरे देश में असामाजिक तत्वों में हाहाकार मच गया है। इसके बाद मध्यप्रदेश और बिहार में इसका इस्तेमाल पूरी सूझबूझ के साथ किया जाने लगा। यहां भी पहले तो सरकार पर आरोप-प्रत्यारोप लगे, उसके बाद बुलडोजर के अस्तित्व को सभी ने स्वीकार कर लिया। अब यह अवैध निर्माण एवं सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले रसूखदारों के खिलाफ  एक रामबाण साबित हो रहा है।

अब लगे हाथ बुलडोजर का इतिहास भी जान लें। जेम्स कमिंग्स और जे अर्ले ने 1923 में सबसे पहले केन्सास में इसका उपयोग पहली बार किया था। उन्होंने एक ट्रेक्टर के आगे बड़ी-सी आरीनुमा ब्लेड लगा दी। इससे मिट्टी को एक तरफ किया जाता था। तब उसके इस पेटेंट का नाम अटैचमेंट फॉर ट्रेक्टर्स दिया गया। उस समय बुलडोजर के लिए टायर व्हील का उपयोग किया गया। अब तो बुलडोजर युद्धक टैंक की तरह आने लगे हैं, जो चेन की सहायता से आगे बढ़ते हैं। सन 1800 में पिस्तौल में इस्तेमाल की जाने वाली लम्बी केलिबर को भी बुलडोजर्स कहा जाता था। इससे लोगों को धमकाने का काम किया जाता था। अब तो आधुनिक खेती का पर्याय बन गया है बुलडोजर। इसी का दूसरा रूप थ्रेशर है, जो खेतों से फसलों को कुछ ही देर में काट देता है। उसके बाद फसल के दाने-दाने अलग हो जाते हैं। ट्रेक्टर की तरह अब बुलडोजर को किराए पर लिया जा सकता है। इससे मानव रोजगार भी प्रभावित हुआ है। संभव है ताकत के प्रतीक इस बुलडोजर को अब कोई भी दल अपना चुनाव चिह्न बना सकता है।

अवैध निर्माण कार्यों को तोड़े जाने पर लोग अब भले ही योगी जी को याद किया जाने लगा है, पर लोग गोविंद खैरनार को नहीं भूले होंगे, जिसने महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री शरद पवार के खिलाफ अपना परचम लहराया था। उसने पवार के बेटे की होटल पर बुलडोजर चला दिया था। तब उसके काफी प्रशंसा हुई थी। किरण बेदी को भी हम नहीं भूल सकते, जिसने दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पार्क किए हुए वाहन को टो कर दिया था। लेकिन इस बार हमें बुलडोजर के जिस रूप का दर्शन योगी जी ने करवाया है, वह सबसे अलग है। यह बुलडोजर जीपीएस टेक्नालॉजी से सुसज्जित है। सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने निर्माण कार्यों पर बुलडोजर चलाकर योगी जी एक सख्त मुख्यमंत्री के रूप में उभरे हैं। एक तरह से उन्होंने सभी असामाजिक तत्वों को हिलाकर रख दिया है। इस बुलडोजर शब्द ने इतनी अधिक लोकप्रियता बटोरी है कि निकट भविष्य में बनने वाले किसी राजनीतिक दल का नाम ही बुलडोजर हो सकता है।

अब लोगों की आस ही यह बुलडोजर है। इससे अपेक्षाएं भी बढ़ने लगी हैं। लोग चाहते हैं कि अब यह बुलडोजर हमारे नेताओं को मिलने वाली तमाम सुविधाओं पर भी चले। कुछ भी काम न करने वाले ये नेता देशभक्ति की आड़ में जिस तरह से मुफ्त का माल खा रहे हैं, उस पर इस बुलडोजर को चलना ही चाहिए। अब देशभक्ति की परिभाषा बदल गई है। सीमा पर तैनात सैनिक ही देशभक्त नहीं होता। एक किसान फसल ऊगाकर, एक सब्जी वाला सब्जी बेचकर, एक मोची जूते सिलकर, एक डॉक्टर इलाज कर, एक नौकरीपेशा अपनी नौकरी कर, एक अधिकारी अपने अधिकार का उपयोग कर जिस तरह से देश की सेवा कर रहा है, ठीक उसी तरह से ये नेता भी देश सेवा ही कर रहे हैं। फिर इन्हें इतनी अधिक सुविधाएं क्यों मिल रही हैं? जब इन नेताओं की पेंशन सुविधाओं पर बुलडोजर चलेगा, तब वास्तव में यह बुलडोजर हम सबके लिए हितकारी होगा। तब हम इसे एक विध्वंसकारी के रूप में नहीं देखेंगे। तब यह हमारा अपना साथी होगा। इन्हीं शुभ भावनाओं के साथ......

डॉ. महेश परिमल


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Labels