शुक्रवार, 24 जून 2022

इंटरनेट एक्सप्लोरर की विदाई

दैनिक जागरण के राष्ट्रीय संस्करण में 23 जून को प्रकाशित





हिमाचल प्रदेश जनसम्पर्क विभाग के अखबार गिरिराज में 22 जून 22 को प्रकाशित







 

मंगलवार, 21 जून 2022

झुर्रियों की अहमियत

 











फादर्स डे पर 19 जून को मेरा एक आलेख 3 अखबारों में ्रपकाशित हुआ। बिलासपुर के लोकस्वर, भोपाल के लोकोत्तर और रायपुर के चैनल इंडिया में 


झुर्रियों की अहमियत
मेरे एक बुजुर्ग साथी हैं, उनकी उम्र है 80 साल। वे आज भी पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त हैं। सेवानिवृत्ति के बाद पिछले 20 सालों से वे एक कॉलेज में कानून पढ़ा रहे हैं। बेडमिंटन-टेबल-टेनिस के अच्छे खिलाड़ी भी हैं। बातचीत में जोशीले हैं। कई विषयों में अच्छा दखल रखते हैं। उनके पास आने वालों में ऐसे लोगों की संख्या अधिक है, जो जीवन के संघर्षों से जूझ तो रहे हैं, पर उन्हें कोई मंजिल नहीं मिल रही है। एक तरह से हताश-निराश लोगों के लिए वे एक वरदान हैं। हर समस्या का समाधान उनके पास है। अभी तक उनके पास से कोई निराश नहीं लौटा। भलाई के कई ऐसे काम उनके द्वारा हुए हैं, जिनकी जानकारी उनके अपनों को भी नहीं है। धाराप्रवाह हिंदी-अंगरेजी में अपनी बात कहने वाले मेरे बुजुर्ग साथी दिल के बहुत ही साफ हैं। आशा की एक छोटी-सी किरण पाने की आस में उनके पास आने वाला व्यक्ति विश्वास से भरा-पूरा एक सूरज अपने साथ ले जाता है। उनका प्रखर व्यक्तित्व हर किसी को आकर्षित करता है।
मेरे ये साथी पूरे 11 साल तक दूसरे शहर नहीं जा पाए। क्योंकि उनकी पत्नी इन वर्षों में व्हील चेयर पर रहीं। पिछले साल ही उनकी पत्नी का देहांत हो गया। अब उनके पास समय काफी था। कॉलेज में गर्मी की छुटि्टयां लगीं, तो उन्होंने अपने गृह राज्य जाने का फैसला किया। अभी उनकी यात्रा शुरू ही नही हुई थी कि उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने अपने पास आने की गुहार लगानी शुरू कर दी। हर कोई उन्हें अपने पास बुलाना चाहता था। सीमित अवकाश में सबके पास जाना संभव ही नहीं था। पहले तो वे सीधे अपने गृह राज्य पहुंचे। काफी बरसों बाद पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। बड़े परिवार के कई सदस्य उनसे मिलने आए। वे सभी से पूरे अपनेपन के साथ मिलते। चाहे छोटा हो या बड़ा, सभी उनके व्यक्तित्व से प्रभावित थे। उनके व्यक्तित्व में एक चुम्बकीय आकर्षण था। अपनी सहजता से वे कुछ ही पलों में सभी को अपना बना लेते।
इस दौरान एक बात देखी गई। उनके आने से शहर में ही रहने वाले परिवार के वे सदस्य जो साल में केवल दो-तीन बार मिल पाते, कुछ ही दिनों में बार-बार मिलने लगे। इससे उनके बीच तो थोड़ी-बहुत कटुता थी, वह दूर हो गई। गलतफहमियां का कुहासा छंट गया। लोग और करीब आने लगे। उनके पास जो भी आता, कुछ न कुछ सबक लेकर ही जाता। कई युवाओं को उन्होंने ऐसी समझाइश दी, जिससे उनके काम की बाधाएं दूर हो गई। वे परिवार के ऐसे सदस्यों से भी मिले, जो अपने परिवार वालों से दूर हो गए थे। स्वयं को परिवार में उपेक्षित महसूस करने वाले सदस्यों से जब वे बुजुर्ग मिले, तो उनकी आंखों में पश्चाताप के आंसू थे। साथी जहां भी गए, अपनेपन की खुशबू बिखेर गए।
परिवार की तीसरी पीढ़ी के लिए वे किसी एलियन से कम नहीं थे। कोई उनके पोपले मुंह का मजाक उड़ाता, तो कोई उनके सफेद बालों का। ये पीढ़ी उन्हें पिज्जा-बर्गर खिलाना चाहती, जिसे वे सहजता से खा भी लेते। मोबाइल पर वीडियो बनाती, उनसे हुई बातचीत को रिकॉर्ड करती। इनसे मिलकर इस पीढ़ी ने उम्र के दायरे को भी पाट दिया। वे सभी के लिए अपने थे, प्यारे थे, अपनापन बिखेरने वाले एक दादा थे। उस परिवार में कुछ ऐसे भी थे, जो उनसे भी बड़े थे। अपने से तीन साल बड़ी बहन के लिए तो वे अभी भी छोटू ही थे। उनसे मिलने पर बहन कुछ कह तो नहीं पाईं, पर उनकी आंखों से सब-कुछ कह दिया। वे केवल अपने छोटू का हाथ पकड़कर सिसकती रही, यादों की जुगाली करती रहीं।
परिवार में उनके छोटे भाइयों के बेटे-बहू और उनके बच्चों के लिए बुजुर्ग का आना किसी उत्सव से कम नहीं था। हर कोई उन्हें अपने घर ले जाना चाहता था। सबके घर जाना संभव नहीं था, तो किसी एक घर में मजमा लग जाता। जहां खूब सारी बातें होती, मस्ती होती और कई बार गंभीर समस्याओं के समाधान तलाशे जाते। इन पूरे दिनों न तो वे किसी एक घर में एक से अधिक रात रूक पाए, न हीं एक घर में दूसरी बार भोजन कर पाए। अगली बार आने का पक्का वादा करने के बाद ही परिवार के सदस्यों ने उन्हें वापस जाने की अनुमति दी।
तो ऐसा था, एक बुजुर्ग के अपने परिवार के सदस्यों के बीच जाने का यह रोचक मामला। आज जहां परिवार टूट रहे हैं, लोग परस्पर बात करने को तैयार नहीं है। वहां इस बुजुर्ग साथी ने अपनों से बात की। उनसे बात कर परिवार के सदस्य निहाल हो गए। उन्हें इस बात का दिलासा मिला कि कोई तो है, जो उनकी बात सुनता है। आजकल किसी की बात को सुन लेना ही बहुत बड़ी बात है। क्योंकि दर्द की गठरी लिए हर कोई तैयार है अपनी सुनाने के लिए। कोई अपनी बात सुनाना शुरू की करता है, तो दूसरा अपनी बात शुरू कर देता है। इस तरह से कोई किसी की बात नहीं सुन पाता। मेरे बुजुर्ग साथी पेशे से वकील रह चुके हैं, इसलिए उन्हें दूसरों की बातें सुनना अच्छा लगता है। इसीलिए वे अपनों की बातें सुनकर लोगों के और करीब आ गए। 80 वसंत देखने वाले मेरे इस साथी के अनुभवों का पूरा एक संसार ही है। जहां वे अपने अनुभवों के आधार पर लोगों को अपनी राय देते हैं, जो सामने वालों को अच्छी लगती है।
घर में आजकल झुर्रियों की अहमियत घट रही है। खल्वाट चेहरे अब सहन नहीं हो रहे हैं। उनके अनुभवों के विशाल खजाने का कोई लाभ नहीं उठाना चाहता। उनके पोपले मुंह से निकलने वाली दुआओं को कोई समझने को तैयार नहीं है। अपने बच्चों का दादा से अधिक मिलना-जुलना अब किसी पालक को अच्छा नहीं लगता। इसलिए अनुभवों का यह चलता-फिरता संग्रहालय आजकल वृद्धाश्रमों में कैद होने लगा है। जहां उनकी तरह अन्य कई लोग रहते हैं। कुछ विशेष अवसरों पर यहां चहल-पहल बढ़ जाती है, जब मदर्स डे-फादर्स डे पर बच्चे सेल्फी लेने आते हैं। कुछ बच्चे यहां आकर यह भी देख लेते हैं कि जब मेरे मम्मी-पापा यहां रहने लगेंगे, तो कैसा लगेगा? इस सोच को अमलीजामा पहनाने के लिए कुछ बच्चे वृद्धाश्रम से विदा लेते हैं। आप बताएं...क्या उनकी सोच को किनारा मिलना चाहिए?
डॉ. महेश परिमल


शनिवार, 18 जून 2022

जिंदगी पर बाजार का कब्जा

कहा जाता है कि जब जिंदगी दांव पर लग जाए, तो वह एक निर्णायक मोड़ साबित होता है। अब तक इंसान बाजार पर हॉवी रहा, यह शायद पहली बार हो रहा है कि जिंदगी पर बाजार का कब्जा हो रहा है। हम चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। वैसे भी जिंदगी टुकड़ों-टुकड़ों में विभाजित हो रही थी, पर अब बाजार ने इस पर कब्जा जमाकर इंसान को उसकी जिंदगी से पूरी तरह से अलग कर दिया है। इस जिंदगी से हंसी-खुशी के पल गायब हो रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक की दिनचर्या में इंसान के अपने पल बहुत ही कम होते हैं। अब सारे लम्हें उन हाथों में पहुंच गए हैं, जिनकी नजर में पैसा ही सब कुछ है।

जीवन मूल्य अब तेजी से बदल रहे हैं। अपराध करने के बाद भी अपराधी को अपने किए पर ज़रा भी पछतावा नहीं होता। किसी की हानि पहुंचाकर लोग अब खुश होते हैं। रास्ते चलते किसी को भी परेशान करना अब आम हो गया है। कानून के रखवालों के सामने कई लोग कानून की धज्जियां उड़ाते हुए दिख जाएंगे, पर उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। कई बार वे ही इस काम में लिप्त दिखाई देते हैं। महिलाएं यदि सक्षम है, तभी वह सुरक्षित है। अन्यथा उसे नोंचने के लिए समाज का एक वर्ग तैयार बैठा है। इसे देखकर बुजुर्ग अपने पुराने दिनों की जुगाली करते दिखाई देते हैं। उनका मानना है कि देखते ही देखते काफी कुछ बदल गया है। पहले हम बाजार जाते थे, अब बाजार ही हमारे घर पर आ गया है। खाने की जो भी चीज़ चाहिए, वह आधे घंटे के भीतर आपके सामने होगी। घर में क्या सामान आएगा, यह बुजुर्ग नहीं, बच्चे तय करने लगे हैं। हां, उस सामान की राशि बुजुर्ग ही देंगे। सामान उनकी मर्जी का तो नहीं आएगा। वे क्या चाहते हैं, इसकी किसी को नहीं पड़ी है। उनकी पसंद-नापसंद का कोई मतलब ही नहीं है।

जीवन मूल्य ही नहीं, अब नैतिक मूल्यों का लगातार अवमूल्यन हो रहा है। देखते ही देखते चीजें बदलने लगी हैं। हालात बदलने लगे हैं। हम कुछ नया सोचें, इसके पहले ही कुछ ऐसा नया आ जाता है कि हम पिछला सब कुछ भूल जाते हैं। कई बार इस दौड़ में हम पीछे रह जाते हैं। हम थक जाते हैं, इसी अंधी दौड़ में। शहरों में हम आ तो गए हैं, पर गांवों में आज भी हमारा बचपन कहीं दुबका पड़ा है। चाहकर भी हम उस बचपन को अपना नाम नहीं दे सकते। कभी पूरा गांव हमारा था, आज शहर का एक कोना जिसे हम घर कहते हैं, वह भी हमारा नहीं है। आखिर हमारा क्या है, यह यक्ष प्रश्न हर बुजुर्ग के भीतर कौंधता रहता है। 

अब बाजार हमारे भीतर समाने लगा है। हम बाजार के होने लगे हैं। बाजार में क्या चीज बिकनी है, यह हम तय नहीं कर रहे हैं। इसके लिए कुछ विशेष शक्तियां लगातार काम कर रही हैं। बिचौलिए के बिना कोई काम संभव ही नहीं है। मूल रूप से चीजों की कीमतें बहुत कम हैं, पर एक सोची-समझी साजिश के तहत उन चीजों के दाम बिचौलियों के हाथों इतनी तेजी से बढ़ रहे हैं कि साधारण इंसान को वह दोगुनी-तिगुनी कीमत पर मिल रहीं हैं। रोटी बनाने वाले और रोटी खरीदने वाले के बीच किसी तीसरे की भूमिका महत्वपूर्ण होने लगी है। यही तीसरा दोनों पर हावी है। अब वही आदेश देने लगा कि कितनी रोटी बननी है और कितनी रोटेी खरीदी जानी है। ऐसे में साधारण इंसान की कोई औकात ही नहीं है। वह लगातार पिस रहा है। उसकी सांसें उधार रखी हुई है। वह अपनी सांसों को लेने की भी ताकत नहीं रखता।

सरकारी आंकड़ों में आम आदमी की जिंदगी काफी आसान है। उसे हर तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। तमाम सरकारी कार्यालय उसके काम के लिए तैयार बैठे हैं। हर कोई उसकी सुख-सुविधाओं का पूरा खयाल रख रहा है। पर हकीकत में ऐसा कुछ भी नहीं है। आम आदमी आज भी महंगाई की चक्की में पिस रहा है। रोजगार की संभावनाएं लगातार कम होती जा रही है। किसी भी काम के लिए सरकारी महकमा काम नहीं आता। उसके काम में अनेक बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं। इसके बाद भी कई लोगों के काम बहुत ही आसानी से हो जाते हैं। इसके पीछे का गणित हर कोई जानता है। ऐसे में आम आदमी की हालत दिनों-दिन खराब होती जा रही है।

सरकारी आंकड़े सदैव झूठ बोलते हैं, यह जानते हुए भी लोग उस पर विश्वास करते हैं। ठीक हमारे नेताओं की तरह। जनता जानती है, इन नेताओं की हकीकत, इसके बाद भी जब वह सामने होता है, तो विरोध नहीं कर पाती। दूसरी ओर विज्ञापनों की दुनिया है, जिसमें खूब दावे किए जाते हैं, लोग जानते हैं कि इससे कुछ नहीं होने वाला, फिर भी न जाने किस प्रेरणा से वशीभूत होकर वह उत्पाद खरीद ही लेते हैं। इस तरह से मायाजाल है, जिसमें सभी उलझे हुए हें। सरकार का अलग मायाजाल है, बहुराष्ट्रीय कंपनियों का अलग। इसमें उलझना सभी की मजबूरी है। न चाहकर भी इसमें लोग उलझते ही रहते हैं। विरोध की कहीं कोई गुंजाइश नहीं है। विरोध करने वाला कुछ दिनों बाद विरोध के काबिल ही नहीं होता। ऐसे में बहाव के साथ चलना हम सबकी विवशता है।

डॉ. महेश परिमल


Post Labels