शुक्रवार, 8 अक्तूबर 2021

बहुत पुरानी है बॉलीवुड-ड्रग्स की दोस्ती

डॉ. महेश परिमल

आजकल लोगों को यह शिकायत है कि हममें एकता का अभाव है, इसलिए हमारा दुश्मन हम पर हॉवी हो जाता है। पर जब से आर्यन गिरफ्तार हुआ है, तब से बॉलीवुड में जो एकता दिखाई दे रही है, उसे देखकर यही कहा जा सकता है कि काश ये सभी सुशांत सिंह के मामले में भी इसी एकता का प्रदर्शन करते। मामला एक बड़े स्टार की बिगड़ैल संतान का है, इसलिए सहानुभूति जताने के लिए लोग जमा हो रहे हैं। अब तो इससे आगे बढ़कर कुछ लोग तो यह भी कहने लगे हैं कि आर्यन निर्दोष है, वह बेचारा है, उसे माफी मिलनी चाहिए। देखा जाए तो बॉलीवुड के अधिकांश सितारे नशे के आदी हैं। कुछ लोग तो इन्हें माल की आपूर्ति भी करते हैं। पर पकड़े नहीं गए, इसलिए वे सभी निर्दोष हैं।

इस समय बॉलीवुड में ऐसा माहौल बनने लगा है, जिसमें एक बहुत बड़ा गुट आर्यन को माफी देने की सिफारिश करने लगा है। एक और गुट इस बात की कोशिश में है कि यह मामला अधिक दिनों तक सुर्खियों में न रहे। यह तो भला हो मीडिया का, जिसने अब आर्यन का मामला छोड़कर लखीमपुर में किसानों की मौत के पीछे पड़ गए हैं। अब उनका ध्यान आर्यन के मामले की तरफ कम हो गया है। मामला कोर्ट में होने के बाद भी कुछ चौंकाने वाले बयान भी आ रहे हैं। बॉलीवुड में आर्यन के समर्थन में सबसे पहले सुनील शेट्‌टी ने आवाज उठाई। उसके बाद सलमान खान रातों-रात शाहरुख के घर पहुंचे। अब खबर यह भी है कि ऐसा कैम्पेन चलाया जाए, जिसमें आर्यन का मामला अधिक न उछाला जाए। इसके लिए एजेंसी की तलाश की जा रही है।

बॉलीवुड के कई सितारे बार-बार विवादों में फंसते रहे हैं। उनमें होने वाले विवाद और लफड़े कई बार सुर्खियों में आए हैं। कैटरीना कैफ के जन्म दिन पर सलमान खान और शाहरुख खान के बीच तीखा विवाद हुआ था। संजय दत्त ने भी स्वीकार किया था कि वे ड्रग्स लेते हैं। बॉलीवुड के दो गुट अब साफ दिखने लगे हैं। एक गुट है अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, अक्षय कुमार का, दूसरा गुट है खान बंधुओं का। जिसमें सलमान, शाहरुख, आमिर, सैफ शामिल हैं। जब सुशांत सिंह का मामला सामने आया था, तब इसमें से किसी ने भी उसके समर्थन में आवाज नहीं उठाई थी। सब खामोश थे। यहां तक कि जब कंगना रनौत की ऑफिस को तोड़ दिया गया, तब भी बॉलीवुड खामोश था। कोई कुछ बोलना ही नहीं चाहता था।

हमारे देश के नेता हर मामले में कुछ न कुछ बोलने के आदी हैं। निर्भया मामले में मुलायम सिंह यादव ने यहां तक कह दिया था कि छोटी उमर के बच्चों ने आवेश में आकर ऐसा काम किया है, उन्हें माफ कर देना चाहिए। मुलायम के इस बयान को कई लोगों ने चुनौती भी दी थी। देश की समस्याओं को छोड़कर हमारे नेताओं के बयान ऐसे विवादास्पद मामलों में आते ही रहते हैं, जो आगे चलकर और भी विवादास्पद हो जाते हैं। आर्यन के मामले में भी उसे निर्दोष बताने वाले बॉलीवुड में कम नहीं हैं। इसकी वजह यही है कि बॉलीवुड और ड्रग्स की दोस्ती बहुत ही पुरानी है। इस समय बॉलीवुड में जो कुछ चल रहा है, उसके आधार पर यही कहा जा सकता है कि शाहरुख अपनी राजनैतिक शक्ति का इस्तेमाल करेंगे या नहीं, इस पर विचार चल रहा है। दूसरी ओर निगेटिव को पॉजीटिव में बदलने का काम करने वाली एजेंसियां शाहरुख खान की ऑफिस में बैठी हैं। कुछ कयास लगाए जा रहे हैं कि शाहरुख खान सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे। क्योंकि वे देश के प्रतिष्ठित नागरिक हैं। इस तरह से वे लोगों का दिल जीतने में कामयाब होंगे। संभव है शाहरुख एक फिल्म बनाकर यह बताने की कोशिश करें कि संतानें जब किसी मामले में फंस जाती हैं, तब उसके अभिभावकों और पारिवारिक सदस्यों को किस तरह की यातनाओं से गुजरना होता है। कई लोगों ने शाहरुख को यह भी सलाह दी है कि वे नशे के आदी बेटे पर एक किताब लिखे।

अंत में यही कहा जा सकता है कि विपदाओं को अवसर में बदलने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। बॉलीवुड दंभी लोगों की जमात है। ड्रग्स पर फिल्म बनाते-बनाते कई लोग इसके आदी हो चुके हैं। यहां रेव पार्टी कोई नई बात नहीं है। सुशांत सिंह के मामले में कई ऐसे नाम सामने आए थे, जो ड्रग्स के आदी थे, तब मामला दबा दिया गया था। उधर आर्यन के मामले में कुछ भी न बोलकर शाहरुख खान देश के कानून का सम्मान कर रहे हैं, ऐसा बताया जा रहा है। एक तरह से उसकी छवि को उज्जवल बनाने का प्रयास हो रहा है।

डॉ. महेश परिमल


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Labels