बुधवार, 14 जनवरी 2009

हमारी दानशीलता से भिखारी बनते करोड़पति



डॉ. महेश परिमल
दृश्य एक
भारत-बंगला देश सीमा पर स्थित एक गाँव, जिसका नाम है बेणुपुर। इस गाँव में एक सुबह एक महँगी चमचमाती मर्स्ािडीज कार प्रवेश करती है। इस कार में खूब ही महँगा शूट पहने हुए एक व्यक्ति बैठा है। एक नजर वह अपनी विशाल स्टेट पर फेरता है। उसके खेत पर काम करते मजदूर उसका अभिवादन करते हैं। एक गर्वभरी मुस्कान के साथ उसकी गाड़ी एक भव्य आलीशान बंगले के सामने रुकती है। वह अपने बंगले में प्रवेश करता है। पत्नी और बच्चों से मिलता है। अपने धंधे के बारे में बढ़ा-चढ़ाकर बताता है। अपनी बातों से वह अपने परिजनों को ऐसा फाँसता है कि परिजन भी ऑंख बंद कर उसकी बातों पर भरोसा कर लेते हैं।
दृश्य दो
अल्लाह के नाम पर कुछ दे दे बाबा। मौला के नाम पर कुछ दे दो बाबा। अल्लाह आपकी हिफाजत करेगा। इस बेबस इंसान को कुछ मिलेगा बाबा, अल्लाह आपको सुखी रखेगा। इस तरह के जुमलों के साथ कोई आपके सामने आए, जिसके दो हाथ न हों, तो निश्चित ही आपको दया आएगी और आपका हाथ जेब की तरफ चला जाएगा। हम यह सोचते हैं कि हमने बहुत बड़ा पुण्य कमाया। उस भिखारी की आत्मा हमें दुआएँ देगी। हम यह सोचकर रह जाते हैं और उस भिखारी को कुछ न कुछ देते रहते हैं।
आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि उक्त दोनों ही दृश्य एक ही व्यक्ति से संबंधित हैँ। वही व्यक्ति एक ओर बहुत बड़ी स्टेट और आलीशान बंगल का मालिक है, तो दूसरी ओर बेबस होकर भीख माँगने वाला एक भिखारी। एक ही व्यक्ति के दो रूप। ऐसा हमारे देश में भी हो सकता है। इस तरह के हजारों भिखारी हमारे देश में हैं, जो अपनी विवशता बताकर भीख माँग रहे हैं और हम सब पुण्य कमाने के चक्कर में इन्हें लखपति से करोड़पति बना रहे है। भीख देने से हमारी स्थिति में भले ही बदलाव न आए, पर इनकी स्थिति में बदलाव आ जाता है। ये अपने क्षेत्र में वैभवशाली व्यक्ति के रूप में पहचाने जाते हैं। हमारी कमजोरी का फायदा उठाकर ये भिखारी धन्ना सेठ बन जाते हैं और हमें पता ही नहीं चलता।

हमें क्या किसी को भी पता नहीं चलता, यदि उस भिखारी को जयपुर में पुलिस दबिश के दौरान पकड़ा न जाता। इस बंगलादेशी भिखारी का नाम है मोहम्मद जाकिर। छोटी उम्र में ही एक दुर्घटना में अपने दोनों हाथ गँवाने वाले गरीब परिवार का लड़का। आवक का कोई साधन नहीं। दो दशक पहले किसी तरह वह भारतीय सीमा में घुस गया। कुछ महीने कोलकाता में रहने के बाद वह मुम्बई पहुँच गया। मुम्बई में वह गेटवे ऑफ इंडिया के सामने भीख माँगता। वह बताता है- कुदरत का कमाल तो देखो, यहाँ के लोग बहुत ही दयालु हैं। मुझे अपाहिज मानकर दो-पाँच रुपए दे देते हैं, कभी कोई विदेशी होता है, तो वह पचास रुपए भी दे देता है। गेट वे ऑफ इंडिया के सामने भीख माँगकर महीने में वह दस हजार रुपए आराम से कमा लेता था।
साल में एक बार वह अपने वतन जाता। अपने आप को पूरी तरह से तैयार कर। क्लीन शेव कर, उजले कपड़े पहनकर बंगलादेश में जब वह अपने गाँव पहुँचता है, तो लोग उसकी इात करते हैं। पहले तो उसने अपने ही गाँव में कुछ जमीन खरीदी, पाँच साल पूरे होते तक तो उसने मकान भी खरीद लिया। उसके बाद इसी भीख की कमाई से जमीन-जायदाद खरीदना शुरू कर दिया। धन आने से अपनी बेटी देने वाले भी उसे मिल गए। दोनों हाथों से नाकाम होने के बाद भी उसे अपनी बेटी देने वालों की लाइन लग गई। मोहम्मद जाकिर की शादी हो गई, आज वह पांच बच्चों का पिता है। पर भीख माँगने की आदत ऐसे लगी कि छोड़ने का नाम ही नहीं लेती। किसी तरह सीमा तक पहुँचकर वहाँ हमारे जाँबाजों को कुछ रिश्वत देकर वह भारत में घुस आता था। एक बार किसी ने मजाक में कह दिया कि अजमेर शरीफ चले जाओ, ख्वाजा साहब गरीबनवाज हैं, बस जाकिर अजमेर आ गया।
राजस्थान का पवित्र शहर अजमेर। जहाँ ईरान से 12 सदी में आए सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती उर्फ ख्वाजा गरीब नवाज साहब की दरगाह है। यहाँ रोज हजारों हिंदू-मुस्लिम सजदा करने आते हैं। अपनी चाहत पूरी करने आते हैं। ऐसा विश्वासा है कि यहाँ आकर जो भी मुराद माँगो, वह अवश्य पूरी होती है। मोहम्मद जाकिर को अजमेर मुम्बई के बजाए अधिक अनुकूल लगा। यहाँ तो दोनों समय भोजन भी मुफ्त मिल जाता था। भीख की राशि पूरी बच जाती। उधर बंगलादेश में उसके परिजनों को भी अधिक समय तक बाहर रहने पर कोई आपत्ति न थी। उसके दिन आराम से कट रहे थे।
आखिर एक दिन तो भांडा फूटना ही था। सो फूट गया। हुआ यूँ कि जयपुर में आतंकवादियों द्वारा बम विस्फोट किए जाने के बाद वहाँ सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी हो गई। लोगों से पूछताछ बढ़ गई। पुलिस ने जाकिर से पूछताछ की, उसका पता पूछा। पता कैसे बताता? वह तो घ ुसपैठिया था। उसकी बातचीत से शक हुआ कि वह बंगलाभाषी है, तो पुलिस ने सख्ती की। बड़ी मुश्किल से उसने अपना पता बताया। जब पुलिस बंगलादेश जाकर उस पते पर पहुँची, तब पता चला कि यह भिखारी तो करोड़पति है।
हमारी दया पर पलने वाले इस भिखारी के बाद मुम्बई के म्युनिसिपल अधिकारियों और रिश्वतखोर कर्मचारियों की बदौलत उसका राशनकार्ड भी बन गया। यही नहीं जे.जे. हास्पिटल की ओर से जारी किया गया विकलांगता का प्रमाण पत्र में इस भिखारी ने जुटा लिया। इस तरह से उसने हमारे देश की कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए लाखों रुपए कमाए और उन सभी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया, जो उसकी विकलांगता को देखकर उसे भीख दिया करते थे। उक्त करोड़पति भिखारी आज पुलिस की गिरफ्त में है, पर उसे क्या फर्क पड़ता है, आखिर वहाँ भी तो उसे खाना मुफ्त में ही मिल रहा है। वह अपनी संपति तो भारत को दान नहीं कर देगा। फिर मामला दूसरे देश का है। उसने ऐसा कोई अपराध भी नहीं किया है, जिसे कानून जुर्म मानता हो। इन सवालों के बीच आखिर हमारी दयानतगिरी, दानशीलता, रहम का क्या होगा, जो किसी बेबस को देखकर जेब में हाथ डालने को विवश कर देती है।
डॉ. महेश परिमल

मंगलवार, 13 जनवरी 2009

ईगल (चील्ह) के सात सिद्धान्त!



पहलाः

ईगल ऊँची उड़ान भरता है। उसके साथ गौरया या दूसरे छोटे पक्षी नहीं होते हैं। कोई दूसरा पक्षी उसके साथ उड़ ही नहीं सकता। ईगल हमेशा गौरया और कौवों से अलग ही रहता है।
ईगल, ईगल के साथ उड़ता है।
दूसराः
ईगल की निगाहें बहुत तेज़ होती है। ईगल पाँच किलोमीटर तक की दूरी से भी अपने लक्ष्य पर दृष्टि को केंद्रित कर सकता है। जब वह अपने शिकार कको लक्ष्य बना लेता है तो फिर दुसरी तरफ देखता भी नहीं है। उसकी निगाहें बिल्कुल अपने लक्ष्य पर ही आकर ठहर जाती हैं। फिर तो चाहे जितनी कठिन बाधायें बीच में क्यों न आ जायें वह बिना अपना लक्ष्य हासिल किये नहीं रुकता।
अगर दृष्टि हो और एक लक्ष्य पर उसे केन्द्रित कर दिया जाय, तो फिर बाधायें सफलता के आड़े नहीं आती हैं।
तीसराः
ईगल मरी हुई चीजें नहीं खाता है।वह सिफ ताज़ा और जि़न्दा शिकार ही खाता है। गिद्ध मरे हुए जानवर खाते हैं, लेकिन ईगल नहीं।
आप जो कुछ देखते-सुनते हैं, खासतौर से फिल्मों और टेलीवीज़न में, उसके प्रति सचेत रहिए। हमेशा खुद को नई जानकरियों से लैस रखते हुए अपने ज्ञान को समसामयिक बनाये रखिये।

चौथाः
ईगल तूफानों से प्यार करता है। जब बादल घिरना आरम्भ करते हैं तो वह रोमांचित हो जाता है। वह तूफानी हवाओं को ऊँचाई पर उड़ान भरने के लिए प्रयोग करता है। अगर वह एक बार वह तूफानी हवा की धाराओं को पा जाता है, फिर तो बादलों से भी ऊपर चला जाता है। यह ईगल को उड़ते हुए पंखों को आराम करने का अवसर प्रदान करती हैं। दूसरी तरफ तूफानी हवाओं के बीच दूसरे पक्षी पेड़ों की शाखाओं और पत्तियों के बीच छुप जाते हैं।
हम जीवन की में आने वाली बाधा रूपी तूफानों के सहारे और भी अधिक ऊँचाइयों को छू सकते हैं। बहादुर हमेशा चुनौतियों को स्वीकार करके लाभान्वित होते हैं।

पाँचः
ईगल विश्वास करने से पहले जाँचता है। जब मादा ईगल मिलन के लिए नर ईगल के संपर्क में आती है तो वह नर को आकर्षित करते हुए नीचे की तरफ उड़ान भरती है और लकड़ी की एक टहनी को उठाती है। फिर वह नर को आकर्षित करने के लिए दुबारा हवा में उड़ जाती है। जब वह काफी ऊँचाई पर जाकर टहनी को छोड़ देती है और उसे गिरते हुए देखती है, तब नर उस टहनी का पीछा करता है। वह जितनी तेज़ी से नीचे गिरता है वह उतनी ही तेज़ी से उसका पीछा करता है। उसे टहनी को गिरने से पहले पकड़ना होता है। वह उसे पकड़कर वापस मादा ईगल के पास ले आता है। तब मादा ईगल उस टहनी को लेकर ऊँचाई पर जाकर फिर उसे नर को लाने के लिए छोड़ देती है। फिर वह तब तक के लिए ऊँचाइयों पर चली जाती है जब तक कि उसे यकीन न हो जाय कि नर ईगल पकड़ने की कला में निपुड़ नहीं हो गया। इस तरह टहनी का पकड़ना समर्पण दर्शाता है। तब कहीं जाकर मादा ईगल नर ईगल को मिलन का अवसर देती है।
चाहे व्यक्तिगत जीवन हो या सामाजिक सहभागिता के लिए लागों के समर्पण की भावना को ज़रूर परखना चाहिए।


छः
जब ईगल अन्डे देने की तैयारी करते हैं तो नर और मादा दोनों पहाड़ी की ऐसी ऊँची चोटी की खोज करते हैं जहाँ कोई परभक्षी न पहुँच सके। इसके बाद नर ज़मीन पर आकर पत्थर के टुकड़े इकट्ठा करके चट्टान की दरार में रखता है। उसके बाद वह फिर धरती की तरफ उड़ान भरता है और टहनियाँ इकट्ठा करके लाता है और अन्डे देने के लिए घोसले का निर्माण करता है। फिर वह धरती की तरफ उड़ान भरके काँटे एकत्रित करके लाता है और और टहनियों के ऊपर रख देता है। इसके बाद फिर ज़मीन से जाकर नरम घास लाकर काँटों को ढंक देता है। इस तरह पहली पर्त तैयार हो जाने के बाद नर ईगल दुबार धरती पर जाकर और काँटे एकत्रित करके उससे घोसले को ढंक देता है। दुबारा वापस जाकर घास लाकर उन्हें काँटों के ऊपर रख देता है। इसके बाद अपेन परों को तोड़कर घोंसले को पूरा करता है। घोंसले के कंटीले तिनके परभक्षियों से रक्षा करते हैं। दोनों नर-मादा चील्ह परिवार को बढ़ाने में हिस्सेदारी निभाते हैं। मादा अन्डे देकर उनकी रक्षा करती है। नर घोसला बनाता है और शिकार करता है, फिर मादा ईगल उन्हें उड़ना सिखाने के लिए उन्हें घोसले से बाहर फेंक देती है। वह अपने बचाव की कोशिश में दुबारा घोसले के अन्दर आ जाते हैं। इस बीच वह घोसले की मुलायम पर्त को हटा लेती है। इससे बच्चों के वापस आने पर काँटें उन्हें चुभते हैं। तब शायद उन्हें आश्चर्य होता है कि उनके माँ-बाप जो उन्हें बहुत प्यार करते थे वह इस तरह का क्रूर व्यवहार क्यों करते हैं? माँ फिर भी उन्हें उठाकर बाहर फेंक देती है। डरे हुए बच्चों को बाप उन्हें गिरने से बचाता है। इस तरह की प्रक्रिया से वह एक दिन खुद उड़ने लगते हैं। जब उन्हें यह पता चलता है कि हम उड़ भी सकते हैं तो वह बहुत उत्तेजित होते हैं।
घोसले के निमार्ण की तैयारी हमें बदलाव की प्रेरणा देती है। तैयारी तभी सफल होती है जब उसमें भागीदार पूर्ण रूप से हिस्सेदारी निभाते हैं। यद्यपि कंटीले तिनको का स्पर्श दुखद होतो है, लेकिन वह यह प्रेरणा देता है कि कष्ट का मार्ग ही हमें सफलता की तरफ ले जाता है। काँटे हमें यह भी शिक्षा देते हैं कि उससे बचते हुए भी हमें आगे बढ़ना है। चुभन का एहसास हमे उससे गुज़रने के बाद ही होता है और इससे यह शिक्षा मिलती है कि कठिनाइयों से संघर्ष हमें सफलता की तरफ ले जाता है।


सातः
जब ईगल बूढ़ा हो जाता है और उसके पंख कमज़ोर हो जाते हैं वह उतनी तेज़ी से नहीं उड़ पाता है जितनी तेज़ी से उड़ता था , तब अपनी मौत को निकट जानकर वह अपनी जगह को त्याग कर एक चट्टान पर चला जाता है और वहाँ जाकर अपने पंखों को त्याग देता है। इस तरह उसका शरीर पंखविहीन हो जाता है। वह उस स्थान पर तबतक रहता है, जब तक कि उसके नये पंख न आ जायें, तब वह दुबारा उस स्थान से बाहर आता है।
पुरानी आदतें जो कि हमारे मार्ग में बाधा बन रही हों तो उसे त्याग देने में ही भलाई है।

प्रस्तुतिः वकार और ईश मुहम्मद

सोमवार, 12 जनवरी 2009

मेमोरी डेवलोपमेंट छात्र जीवन का अहम बिंदु

रामचंद्र मौर्य
ज्यादातर लोगों की यह समस्या और शिकायत होती है कि वे चीजों को लंबे समय तक याद नहीं रख पाते। कभी-कभी चिंता या दुख भी याददाश्त कमजोर होने का कारण माने जाते हैं। ढलती उम्र का तो यह सामान्य लक्षण हो सकता है लेकिन स्कूल कॉलेजों में अध्ययनरत अनेक छात्र-छात्राएं भी इस समस्या से परेशान रहते हैं। अत: इस पर गौर किया जाना जरूरी है। कमजोर याददाश्त वाले बच्चों को समझ में नहीं आता कि ऐसा कौन सा नुस्खा अपनाया जाए कि वे परीक्षा के लिए याद की गई पाठ्य-सामग्री को न भूलें और अच्छे अंक लाएं। दरअसल इंसान के दिमाग के अंदर एकत्रित सूचनाएं समय के साथ धुंधली होने लगती हैं लेकिन छात्रगण कुछ उपाय करके अपनी मेमोरी को शॉर्प बना सकते हैं और कोर्स के कंटेंट को इस तरह याद कर सकते हैं कि उस पर समय या मनोवैज्ञानिक दबावों का असर न पड़े। मेमोरी डेवलेपमेंट के लिए मनोवैज्ञानिक कई प्रकार की हिदायतें देते हैं जिन पर अमल करने पर निश्चित ही याददाश्त बढ़ेगी और आत्मसात की गई पाठ्य-सामग्री विस्मृत नहीं होगी।
मनोवैज्ञानिकों के मुताबिक हम दिन भर में जो भी देखते, सुनते, महसूस करते या पढ़ते हैं, वह सब हमारे दिगाम के एक भाग में स्टोर हो जाता है। जब हम किसी विषय विशेष की याद करना चाहते हैं और वह हमें याद नहीं आता तो हम कहते हैं कि हम उस चीज को भूल गए हैं लेकिन यह बात पूरी तरह सच नहीं है। दरअसल हमारी मेमोरी में वह विषय स्टोर तो है लेकिन समय के प्रभाव, सूचनाओं के बोझ तथा चिंतित रहने व मनोवैज्ञानिक दबावों के कारण दिमाग में दब जाता है। उसे रिकॉल करने का सही तरीका लोग नहीं जानते हैं। इसलिए जरूरत इस बात की है कि चीजों को इस तरह याद किया जाए कि आवश्यकता पड़ने पर पूरा विषय हमें तुरंत याद आ जाए। मेमोरी डेवलेपमेंट कैसे किया जाए, पाठ्य सामग्री को कैसे याद किया जाए, इन बातों को जानने के पहले जानें कि मनोवैज्ञानिक मेमोरी डेवलेपमेंट के बारे में क्या कहते हैं।
माइंड पार्ट्स
मनोवैज्ञानिको के मुताबिक इंसान का दिमाग दो हिस्सों में बंटा होता है। बायां हिस्सा एनालिसिस (विश्लेषण), कैलकुलेशन (गणना) और लॉजिक (तर्क) के काम करता है। दाहिना हिस्सा इमेजिनेशन (कल्पनाशक्ति), क्रिएटिविटी (सृजनात्मकता), ड्रीम्स (सपने देखना) और फैंटेसी (हवाई कल्पना) के काम करता है। माना जाता है कि दिमाग के बाएं हिस्से का इस्तेमाल ज्यादातर टीचर, मैकेनिकल इंजीनियर, एकाउंटेंट जैसे लोग करते हैं क्योंकि इनके काम में तर्क, गणना और विश्लेषण की प्रमुखता रहती है। दिमाग के दाहिने हिस्से का उपयोग पेंटर, एक्टर, ग्राफिक डिजाइनर, कवि-लेखक आदि ज्यादा करते हैं क्योंकि इनका काम कल्पना की उड़ान पर ज्यादा निर्भर होता है।
मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि हम जो पढ़ते हैं, हमारा दिमाग औसत रूप में उसका 25 फीसदी कंटेंट याद रखता है। इसी तरह हम जो सुनते हैं उसका 35 फीसदी, जो देखते हैं उसका 50 फीसदी और जो बोलते हैं उसका 60 फीसदी और जो काम करते हैं उसका 75 फीसदी हिस्सा मानव मस्तिष्क में स्टोर हो जाता है। कभी-कभी मानसिक रूप से अलर्ट होकर आंखे खुली रखकर हम जो कुछ पढ़ते, देखते, सुनते, बोलते या याद करते हैं उसका 95 फीसदी मैटर हम औसतन याद रख पाते हैं लेकिन जिन विषयों के प्रति हम अलर्ट नहीं रहते, हमारा दिमाग उनको 10 मिनट भी याद नहीं रख पाता। दरअसल, हर व्यक्ति विशेष का आई-क्यू अलग-अलग आंकड़ों में होता है। जिसकी मानसिक-क्षमता, सोचने की क्षमता अधिक होती है वह चीजों को जल्दी आत्मसात करता है और लंबे समय तक उसे मेमोरी में स्टोर करके रखता है लेकिन जिस व्यक्ति का आई क्यू कम होता है वह चाहकर भी विषयवस्तु को न तो समझ सकता है और न लंबे समय तक उसे याद रख सकता है। अगर हम पॉजिटिव सोच रखें, सकारात्मक प्रयास करें और आत्मविश्वास से लैस रहें तो अपनी आई क्यू भी बढ़ा सकते हैं और सोचने-समझने की क्षमता विकसित कर मेमोरी डेवलेपमेंट को बरकरार भी रख सकते हैं।
मनोवैज्ञानिक यह भी कहते हैं कि हमारा दिमाग किसी भी विषयवस्तु को औसतन 24 घंटे तक ठीक ढंग से याद रखता है और उसके बाद उसे भूलने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसलिए छात्र-छात्राओं को चाहिए कि पढ़े गए विषय को याद रखने के लिए उसे बार-बार दोहराते रहें और याद करने के बजाए समझने की कोशिश करें। याद की गई विषयवस्तु तो भूल सकते हैं लेकिन समझी गई पाठ्य-सामग्री नहीं भूली जाती। पढ़ी गई बातों को याद रखने के लिए जरूरी है कि उन्हें व्यवस्थित ढंग से याद किया जाए और सही समय पर सही तरीके से उनका रिवीजन किया जाए। माना जाता है कि किसी भी चैप्टर को पढ़ने के सात दिन के अंदर उसका रिवीजन किया जाना चाहिए। एक से डेढ़ महीने के अंदर दूसरा और 6 महीने के बाद तीसरे रिवीजन से वह लंबे समय तक याद रहता है। प्रश्न यह है कि किसी विषयवस्तु या पाठ्य-सामग्री को किस तरह याद किया जाए कि हम सालों साल उसे भूल न पाएं।
एकाग्र होकर करें पढ़ाई
हमारा दिमाग हर वक्त एक साथ कई चीजों के बारे में सोचता रहता है। उदाहरण के लिए पढ़ते वक्त भी हमारा दिमाग ऐसी कई बातों के बारे में सोचता है जिसका पढ़ाई से कोई मतलब नहीं होता, जिससे पढ़ाई में बाधा पड़ती है, इसे मन का भटकाव भी कहते हैं। इसकी वजह से मन पढ़ाई में नहीं रम पाता और हम जो पढ़ते हैं, वह पूरी तरह याद नहीं हो पाता। इसके लिए जरूरी है कि जो पढ़ें, एकाग्रता से पढ़ें और एक समय में अपना पूरा ध्यान एक ही काम में लगाएं। चित्त की चंचल प्रवृत्ति से बचें। मन को भटकने न दें। एकाग्र होकर की गई पढ़ाई हमेशा याद रहती है।
एकाग्रता की जहां तक बात है तो शुरूआत में हो सकता है कि मन को जितना बांधने, संयमित रहने की कोशिश करें, वह उतना ही अधिक भटकने लगे लेकिन पॉजिटिव थिंकिंग, योग-प्राणायाम, ध्यान या मेडिटेशन करके मन की चंचल वृत्तियों से बचा जा सकता है। मन की एकाग्रता के लिए प्राणायाम और ध्यान सबसे बढ़िया तरीका है। पढ़ी गई अध्ययन सामग्री को बार-बार भूलने की स्थिति में पढ़ने के बाद तुरंत किताब बंद कर, आंखें बंद करके पढ़े हुए विषय के बारे में सोचें और देश-दुनिया से बेखबर होकर ध्यान करें। इसका निश्चित ही मेमोरी पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
लिखाई-पढ़ाई को लेकर अगर आपके अंदर पॉजिटिव थिंकिंग है, मेहनत-लगन से पढा़ई करने का जज्बा रखते हैं तो निश्चित ही प्रतिभा निखरेगी, आई क्यू बढ़ेगा, मेमोरी का डेवलेपमेंट बरकरार रहेगा। वैसे तो मेमोरी बढ़ाने का दावा करने वाले कुछ टॉनिक भी बाजार में उपलब्ध हैं लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि ये टॉनिक मनोवैज्ञानिक असर के तहत ही काम करते हैं। ये भले ही शरीर में कुछ दूसरे बदलाव लाते हों जिससे दिमाग की सक्रियता बढ़ती हो लेकिन सबसे अहम यह कि एक धारणा बन जाती है कि याददाश्त टॉनिक से ही तेज हो रही है। असलियत में इसी धारणा की वजह से हम अपनी मेमोरी को बढ़ता हुआ महसूस करते हैं। पर इससे बड़ा सच यह है कि यदि बिना कोई टॉनिक या दवा लिए सिर्फ यह सोचा जाए कि मेरी याददाश्त भी किसी आईएस टॉपर से कम नहीं है और मैं भी उसी तरह से पाठ्य-सामग्री को कंठस्थ कर सकता हूं तो मेमोरी वाकई पहले से बेहतर हो जाएगी। दरअसल यह हमारे शरीर की प्रवृत्ति है कि हम जो सोचते हैं, उसी के अनुरूप हमारा शरीर ढलने लगता है। तभी तो मनोवैज्ञानिक व डॉक्टर हमेशा पॉजिटिव थिंकिंग की सलाह देते हैं।
टुकड़ों में करें अध्ययन
आजकल पाठ्य-विषयों के सेलेबस व विषयवस्तु का दायरे इतना बढ़ गया है कि यह संभव ही नहीं है कि संपूर्ण अध्ययन सामग्री को एक साथ आत्मसात किया जा सके। इसके लिए अध्ययन सामग्री को टुकड़ों में बांटकर प्रतिदिन पढ़ाई करें। जो अध्याय पढ़ें, उस दिन उसी का ध्यान करें और तब तक ध्यान करें जब तक पढ़ी गई सामग्री किताब से पूरी तरह मेल नहीं खाती। इस तरह धीरे-धीरे संपूर्ण अध्ययन सामग्री को ग्रहण कर लेंगे और मेमोरी प्रॉब्लम से बचेंगे। यानी व्यवस्थित तरीके से पढा़ई करें। कोशिश करें कि जो भी मैटर आप पढ़ें, उसे डायग्राम या संक्षिप्त रूप में इस तरह लिख लें कि उसे देखते ही आपको पूरा मैटर याद आ जाए।
संबंध बनाकर याद करें
कोई भी नई बात हमें तभी याद होती है जब हम उसे अपने दिमाग में पहले से स्टोर किसी बात से जोड़कर देखते हैं। उदाहरण के लिए- चंद्रमा के किसी पर्यायवाची शब्द को याद करने के लिए हम उसे पहले से याद चंद्रमा की परिभाषा के साथ जोड़ देते हैं। इसके बाद जब कभी वह शब्द हमारे सामने आता है तो हमें चंद्रमा की परिभाषा याद आ जाती है और हम जान जाते हैं कि यह शब्द चंद्रमा का पर्यायवाची है। मनोविदों के मुताबिक स्टडी करते समय हमें प्वॉइंट बनाकर उसे किसी ऐसी चीज से जोड़ने की कोशिश करना चाहिए जो हमें आसानी से उस प्वॉइंट और मैटर की याद दिला सके। हो सके तो दिमाग में उस प्वॉइंट की एक इमेज बना लें। जब भी जरूरत होगी उस इमेज को याद करते ही पूरा विषय व्यक्ति के जेहन में उभर जाएगा।
सामूहिक चर्चा
मेमोरी डेवलेपमेंट का एक और रास्ता है सामूहिक चर्चा। अध्ययन सामग्री को पढ़ें और अपने सहपाठियों के साथ उस पर चर्चा करें। पढ़ने के बाद विचार-विमर्श करने पर विषयवस्तु याद हो जाती है और कभी नहीं भूलती। इस मामले में नोट्स बनाकर अध्ययन का तरीका भी काफी कारगर होता है। अध्ययन के बाद नोट्स बनाते समय निश्चित ही कुछ चीजें आपको याद नहीं आ सकती हैं, ऐसे में संबंधित पुस्तक की जरूरत पड़ सकती है। पुस्तक का इस्तेमाल करने के बाद फिर से नोट्स बनाएं तो बार-बार इस प्रैक्टिस के क्रम में विषयवस्तु स्थायी रूप से कंठस्थ हो जाती है।
कुछ अलग सोचें
व्यक्ति का दिमाग उसे कुछ अलग हटकर सोचने-करने के लिए प्रेरित करता रहता है। खासकर रचनात्मक कार्यों में तो नयापन बहुत जरूरी है। अगर सृजनात्मक कार्यों में नयापन नहीं है तो ऐसी थिंकिंग, ऐसे कार्य का कोई मोल नहीं। वैसे हमारा दिमाग अजीब चीजों को जल्दी पकड़ता है और सामान्य चीजों के मुकाबले उन्हें लंबे समय तक याद भी रखता है। इसलिए जितना संभव हो सके रचनात्मक अध्ययन शैली अपनाएं।
मेमोरी पर भरोसा जरूरी
हमेशा पॉजिटिव सोचें और ऐसा सोचें कि मेरा दिमाग सबसे बेहतर है और मैं किसी से भी कम नहीं हूं। मैं चीजों को लंबे समय तक याद रख सकता हूं। कौन सा ऐसा काम है जिसे मैं नहीं कर सकता। सफल लोग जो काम करके आगे बढ़ चुके होते हैं उनके पदचिह्नों पर चलकर हम उनकी तरह क्यों नहीं बन सकते आदि-आदि। अगर आप बार-बार ऐसा सोचेंगे तो निश्चित ही मनोबल बढ़ेगा, आत्मविश्वास बढ़ेगा, मानसिक क्षमता बढ़ेगी और मेमोरी का डेवलेपमेंट होगा। नकारात्मक चिंतन से हमेशा बचने की कोशिश करें और दूसरों को भी इससे बचने की सलाह दें।
रामचंद्र मौर्य

गुरुवार, 8 जनवरी 2009

हार की जीत

सुदर्शन की कहानी
माँ को अपने बेटे और किसान को अपने लहलहाते खेत देखकर जो आनंद आता है, वही आनंद बाबा भारती को अपना घोड़ा देखकर आता था। भगवद्-भजन से जो समय बचता, वह घोड़े को अर्पण हो जाता। वह घोड़ा बड़ा सुंदर था, बड़ा बलवान। उसके जोड़ का घोड़ा सारे इलाके में न था। बाबा भारती उसे ‘सुल्तान’ कह कर पुकारते, अपने हाथ से खरहरा करते, खुद दाना खिलाते और देख-देखकर प्रसन्न होते थे। उन्होंने रूपया, माल, असबाब, ज़मीन आदि अपना सब-कुछ छोड़ दिया था, यहाँ तक कि उन्हें नगर के जीवन से भी घृणा थी। अब गाँव से बाहर एक छोटे-से मन्दिर में रहते और भगवान का भजन करते थे। “मैं सुलतान के बिना नहीं रह सकूँगा”, उन्हें ऐसी भ्रान्ति सी हो गई थी। वे उसकी चाल पर लट्टू थे। कहते, “ऐसे चलता है जैसे मोर घटा को देखकर नाच रहा हो।” जब तक संध्या समय सुलतान पर चढ़कर आठ-दस मील का चक्कर न लगा लेते, उन्हें चैन न आता।

खड़गसिंह उस इलाके का प्रसिद्ध डाकू था। लोग उसका नाम सुनकर काँपते थे। होते-होते सुल्तान की कीर्ति उसके कानों तक भी पहुँची। उसका हृदय उसे देखने के लिए अधीर हो उठा। वह एक दिन दोपहर के समय बाबा भारती के पास पहुँचा और नमस्कार करके बैठ गया। बाबा भारती ने पूछा, “खडगसिंह, क्या हाल है?”

खडगसिंह ने सिर झुकाकर उत्तर दिया, “आपकी दया है।”

“कहो, इधर कैसे आ गए?”

“सुलतान की चाह खींच लाई।”

“विचित्र जानवर है। देखोगे तो प्रसन्न हो जाओगे।”

“मैंने भी बड़ी प्रशंसा सुनी है।”

“उसकी चाल तुम्हारा मन मोह लेगी!”

“कहते हैं देखने में भी बहुत सुँदर है।”

“क्या कहना! जो उसे एक बार देख लेता है, उसके हृदय पर उसकी छवि अंकित हो जाती है।”

“बहुत दिनों से अभिलाषा थी, आज उपस्थित हो सका हूँ।”

बाबा भारती और खड़गसिंह अस्तबल में पहुँचे। बाबा ने घोड़ा दिखाया घमंड से, खड़गसिंह ने देखा आश्चर्य से। उसने सैंकड़ो घोड़े देखे थे, परन्तु ऐसा बाँका घोड़ा उसकी आँखों से कभी न गुजरा था। सोचने लगा, भाग्य की बात है। ऐसा घोड़ा खड़गसिंह के पास होना चाहिए था। इस साधु को ऐसी चीज़ों से क्या लाभ? कुछ देर तक आश्चर्य से चुपचाप खड़ा रहा। इसके पश्चात् उसके हृदय में हलचल होने लगी। बालकों की-सी अधीरता से बोला, “परंतु बाबाजी, इसकी चाल न देखी तो क्या?”

दूसरे के मुख से सुनने के लिए उनका हृदय अधीर हो गया। घोड़े को खोलकर बाहर गए। घोड़ा वायु-वेग से उडने लगा। उसकी चाल को देखकर खड़गसिंह के हृदय पर साँप लोट गया। वह डाकू था और जो वस्तु उसे पसंद आ जाए उस पर वह अपना अधिकार समझता था। उसके पास बाहुबल था और आदमी भी। जाते-जाते उसने कहा, “बाबाजी, मैं यह घोड़ा आपके पास न रहने दूँगा।”

बाबा भारती डर गए। अब उन्हें रात को नींद न आती। सारी रात अस्तबल की रखवाली में कटने लगी। प्रति क्षण खड़गसिंह का भय लगा रहता, परंतु कई मास बीत गए और वह न आया। यहाँ तक कि बाबा भारती कुछ असावधान हो गए और इस भय को स्वप्न के भय की नाईं मिथ्या समझने लगे। संध्या का समय था। बाबा भारती सुल्तान की पीठ पर सवार होकर घूमने जा रहे थे। इस समय उनकी आँखों में चमक थी, मुख पर प्रसन्नता। कभी घोड़े के शरीर को देखते, कभी उसके रंग को और मन में फूले न समाते थे। सहसा एक ओर से आवाज़ आई, “ओ बाबा, इस कंगले की सुनते जाना।”

आवाज़ में करूणा थी। बाबा ने घोड़े को रोक लिया। देखा, एक अपाहिज वृक्ष की छाया में पड़ा कराह रहा है। बोले, “क्यों तुम्हें क्या कष्ट है?”

अपाहिज ने हाथ जोड़कर कहा, “बाबा, मैं दुखियारा हूँ। मुझ पर दया करो। रामावाला यहाँ से तीन मील है, मुझे वहाँ जाना है। घोड़े पर चढ़ा लो, परमात्मा भला करेगा।”

“वहाँ तुम्हारा कौन है?”

“दुगार्दत्त वैद्य का नाम आपने सुना होगा। मैं उनका सौतेला भाई हूँ।”

बाबा भारती ने घोड़े से उतरकर अपाहिज को घोड़े पर सवार किया और स्वयं उसकी लगाम पकड़कर धीरे-धीरे चलने लगे। सहसा उन्हें एक झटका-सा लगा और लगाम हाथ से छूट गई। उनके आश्चर्य का ठिकाना न रहा, जब उन्होंने देखा कि अपाहिज घोड़े की पीठ पर तनकर बैठा है और घोड़े को दौड़ाए लिए जा रहा है। उनके मुख से भय, विस्मय और निराशा से मिली हुई चीख निकल गई। वह अपाहिज डाकू खड़गसिंह था।बाबा भारती कुछ देर तक चुप रहे और कुछ समय पश्चात् कुछ निश्चय करके पूरे बल से चिल्लाकर बोले, “ज़रा ठहर जाओ।”

खड़गसिंह ने यह आवाज़ सुनकर घोड़ा रोक लिया और उसकी गरदन पर प्यार से हाथ फेरते हुए कहा, “बाबाजी, यह घोड़ा अब न दूँगा।”

“परंतु एक बात सुनते जाओ।” खड़गसिंह ठहर गया।

बाबा भारती ने निकट जाकर उसकी ओर ऐसी आँखों से देखा जैसे बकरा कसाई की ओर देखता है और कहा, “यह घोड़ा तुम्हारा हो चुका है। मैं तुमसे इसे वापस करने के लिए न कहूँगा। परंतु खड़गसिंह, केवल एक प्रार्थना करता हूँ। इसे अस्वीकार न करना, नहीं तो मेरा दिल टूट जाएगा।”

“बाबाजी, आज्ञा कीजिए। मैं आपका दास हूँ, केवल घोड़ा न दूँगा।”

“अब घोड़े का नाम न लो। मैं तुमसे इस विषय में कुछ न कहूँगा। मेरी प्रार्थना केवल यह है कि इस घटना को किसी के सामने प्रकट न करना।”

खड़गसिंह का मुँह आश्चर्य से खुला रह गया। उसका विचार था कि उसे घोड़े को लेकर यहाँ से भागना पड़ेगा, परंतु बाबा भारती ने स्वयं उसे कहा कि इस घटना को किसी के सामने प्रकट न करना। इससे क्या प्रयोजन सिद्ध हो सकता है? खड़गसिंह ने बहुत सोचा, बहुत सिर मारा, परंतु कुछ समझ न सका। हारकर उसने अपनी आँखें बाबा भारती के मुख पर गड़ा दीं और पूछा, “बाबाजी इसमें आपको क्या डर है?”

सुनकर बाबा भारती ने उत्तर दिया, “लोगों को यदि इस घटना का पता चला तो वे दीन-दुखियों पर विश्वास न करेंगे।” यह कहते-कहते उन्होंने सुल्तान की ओर से इस तरह मुँह मोड़ लिया जैसे उनका उससे कभी कोई संबंध ही नहीं रहा हो।

बाबा भारती चले गए। परंतु उनके शब्द खड़गसिंह के कानों में उसी प्रकार गूँज रहे थे। सोचता था, कैसे ऊँचे विचार हैं, कैसा पवित्र भाव है! उन्हें इस घोड़े से प्रेम था, इसे देखकर उनका मुख फूल की नाईं खिल जाता था। कहते थे, “इसके बिना मैं रह न सकूँगा।” इसकी रखवाली में वे कई रात सोए नहीं। भजन-भक्ति न कर रखवाली करते रहे। परंतु आज उनके मुख पर दुख की रेखा तक दिखाई न पड़ती थी। उन्हें केवल यह ख्याल था कि कहीं लोग दीन-दुखियों पर विश्वास करना न छोड़ दे। ऐसा मनुष्य, मनुष्य नहीं देवता है।

रात्रि के अंधकार में खड़गसिंह बाबा भारती के मंदिर पहुँचा। चारों ओर सन्नाटा था। आकाश में तारे टिमटिमा रहे थे। थोड़ी दूर पर गाँवों के कुत्ते भौंक रहे थे। मंदिर के अंदर कोई शब्द सुनाई न देता था। खड़गसिंह सुल्तान की बाग पकड़े हुए था। वह धीरे-धीरे अस्तबल के फाटक पर पहुँचा। फाटक खुला पड़ा था। किसी समय वहाँ बाबा भारती स्वयं लाठी लेकर पहरा देते थे, परंतु आज उन्हें किसी चोरी, किसी डाके का भय न था। खड़गसिंह ने आगे बढ़कर सुलतान को उसके स्थान पर बाँध दिया और बाहर निकलकर सावधानी से फाटक बंद कर दिया। इस समय उसकी आँखों में नेकी के आँसू थे। रात्रि का तीसरा पहर बीत चुका था। चौथा पहर आरंभ होते ही बाबा भारती ने अपनी कुटिया से बाहर निकल ठंडे जल से स्नान किया। उसके पश्चात्, इस प्रकार जैसे कोई स्वप्न में चल रहा हो, उनके पाँव अस्तबल की ओर बढ़े। परंतु फाटक पर पहुँचकर उनको अपनी भूल प्रतीत हुई। साथ ही घोर निराशा ने पाँव को मन-मन भर का भारी बना दिया। वे वहीं रूक गए। घोड़े ने अपने स्वामी के पाँवों की चाप को पहचान लिया और ज़ोर से हिनहिनाया। अब बाबा भारती आश्चर्य और प्रसन्नता से दौड़ते हुए अंदर घुसे और अपने प्यारे घोड़े के गले से लिपटकर इस प्रकार रोने लगे मानो कोई पिता बहुत दिन से बिछड़े हुए पुत्र से मिल रहा हो। बार-बार उसकी पीठपर हाथ फेरते, बार-बार उसके मुँह पर थपकियाँ देते। फिर वे संतोष से बोले, “अब कोई दीन-दुखियों से मुँह न मोड़ेगा।”
सुदर्शन

गुरुवार, 1 जनवरी 2009

एक साल में कई बार आता है नया साल


नया साल यानी नई खुशियां, नई उमंगें, नई उम्मीदें और जश्न मनाने का मौका। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि एक ंवर्ष में नया साल मनाने का मौका कई बार आता हैं। तो नए साल के मौके पर अपना थोड़ा उत्साह बचाकर रखें। आखिर पूरे साल में जश्न मनाने का यह इकलौता मौका थोड़े ही है।

एक जनवरी को मनाया जाने वाला नववर्ष ग्रिगोरियन कैलेंडर पर आधारित है। दुनिया भर में प्रचलित इस कैलेंडर को पोप ग्रेगोरी अष्टम ने 1582 में तैयार किया था। वहीं ईस्टर्न आर्थोडाक्स चर्च रोमन कैलेंडर को मानता है। इस कैलेंडर के अनुसार नया साल 14 जनवरी को मनाया जाता है। यही वजह है कि आर्थोडाक्स चर्च को मानने वाले देशों रूस, जार्जिया, इजरायल और सर्बिया में नया साल 14 जनवरी को भी मनाया जाता है। इस्लाम के कैलेंडर को हिजरी साल कहते हैं। इसका नववर्ष मोहर्रम माह के पहले दिन होता है।

इस कैलेंडर के मुताबिक नया साल आठ जनवरी को मनाया जाएगा। हिजरी कैलेंडर के बारे में दिलचस्प बात यह है कि इसमें दिनों का संयोजन चंद्रमा की चाल के अनुसार नहीं होता। लिहाजा इसके महीने हर साल करीब 10 दिन पीछे खिसक जाते हैं। इसी तरह चीन का भी अपना अलग कैलेंडर है। जो चंद्र गणना पर आधारित है, इसके मुताबिक चीनियों का नया साल 21 जनवरी से 21 फरवरी के बीच पड़ता है।

भारत भी कैलेंडरों के मामले में कम समृद्ध नहीं हैं। भारत में फिलहाल विक्रम संवत, शक संवत, बौद्ध और जैन संवत, तेलगु संवत प्रचलित हैं। इनमें हर एक का अपना नया साल होता है। देश में सर्वाधिक प्रचलित विक्रम और शक संवत हैं। विक्रम संवत को सम्राट विक्रमादित्य ने शकों को पराजित करने की खुशी में 57 ईसा पूर्व शुरू किया था। विक्रम संवत चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से शुरू होता है। इस दिन गुड़ी पड़वा और उगादी के रूप में भारत के विभिन्न हिस्सों में नव वर्ष मनाया जाता है।

सोमवार, 29 दिसंबर 2008

क्रेडिट कार्ड से मोहभंग


डॉ. महेश परिमल
हाल में एक फिल्म आई 'इएमआई', इस फिल्म में यही बताने की कोशिश की गर्इ्र है कि बैंक से रुपया लिया है, तो चुकाना ही पड़ेगा। अब यह बैंक पर निर्भर करता है कि वह किस तरह से अपना रुपया वसूल करे। इस दिशा में सुप्रीमकोर्ट का भी आदेश आ गया है कि लोन लेने वाले उपभोक्ता को किसी भी तरह का मानसिक या शारीरिक कष्ट न दिया जाए। पर मध्यमवर्गीय परिवार अच्छे से जानता है कि बैंक का एक नोटिस ही घर के सारे सदस्यों को तनावग्रस्त कर देता है। इस बात को गाँठ बाँधकर रख लो कि र्का से आप सब-कुछ खरीद सकते हैं, पर सुख नहीं। कर्ज से तनाव ही घर पर आएगा, धन तो रास्ते में ही खत्म हो जाएगा।
कुछ समय पहले तक क्रेडिट कार्ड का होना रसूखदार होना माना जाता था। लोग बड़ी से बड़ी खरीददारी आसानी से कर लेते थे। कई बार तो वे केवल अपनी शान बघारने के लिए ही ऐसी चीजें खरीद लेते थे, जो उनके किसी काम की नहीं होती थी। पर अब समय के साथ इसकी भी परिभाषा बदलने लगी है। अब तो लोगों का इस कार्ड के प्रति मोहभंग हो रहा है। अब यह सुविधा दु:खदायी होने लगी है। अब तो लोग किसी भी तरह इससे मुक्ति पाना चाहते हैं। अब यह चीज शान और रसूखदार होने की निशानी नहीं, बल्कि तनाव बढ़ाने वाली चीज बनकर रह गई है।
हमारे बुजुर्ग कह गए हैं कि देनदारी और कचरे में कोई अंतर नहीं है, दोनों ही तेजी से बढ़ते हैं। गहरे अर्थों वाली यह सीख लोगों को रास नहीं आई और लोग आसानी से मिलने वाले पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड के चंगुल में मध्यमवर्ग फँसकर रह गया है। अब तो हालत यह हो गई है कि लोग अब पर्सनल लोन और के्रडिट कार्ड के बाकी की किस्तें भरने के लिए लोन लेने लगे हैं। इसमें में कोई फायदा नहीं है, यह तो वही बात हुई कि एक गङ्ढे से निकली मिट्टी उपयोग करने के लिए दूसरा गङ्ढा खोदना।
यह ध्यान में रखें कि क्रेडिट कार्ड देते समय उपभोक्ता और बैंक के बीच में एक एजेंसी होती है। एजेंसी अपना काम कमीशन के लिए करती है। उपभोक्ता को लोन मिलने के बाद एजेंसी बीच में से हट जाती है, रह जाते हैं ग्राहक और बैंक। इस सौदेबाजी में जो कुछ भी वादे होते हैं, वे एजेंसी की तरह से दिए गए होते हैं, बैंक का उन वादों से कोई लेना-देना नहीं होता। एजेंसी के हटते ही वे सारे वादे हवा में लुप्त हो जाते हैं। बैंक के वादे उसके स्टेटमेन कंप्यूटर में दाखिल किए गए साफ्टवेयर के अनुसार होते हैं। इसी कारण आज लेट पेमेंट का विवाद कई बैंकों के साथ क्रेडिटकार्डधारियों का हो रहा है। यदि बैंक के 25 रुपए भी बाकी हैं, तो आपके स्टेटमेन में 250 रुपए लेट फी की एंट्री कर दी जाती है।
आजकल की बैंके बहुत ही चालाक हो गई हैं। वह मध्यमवर्ग की मानसिकता को अच्छी तरह से समझती है। लोन और क्रेडिट कार्ड देते समय वह इसी मनोविज्ञान पर काम करती है। मध्यमवर्ग भी यह अच्छी तरह से जानता है कि अपनी इात की खातिर कुछ भी करके वह किस्तें भरेगा ही। इस वर्ग की इसी मानसिकता का बैंक लाभ उठाती हैं। नेता की तरह लुभावने वादे तो बैंक और ग्राहक के बीच सेतु बनती है एजेंसी। जो लोन मिल जाने के बाद दिखाई तक नहीं देती। उसे तो कमीशन चाहिए, जो उसे मिल जाता है। लोगो को दोनों हाथों से लूटने वाली बैंक आज अपने को कंगाल बता रही हैं। हाल में आई विश्व आर्थ्ािक मंदी में ये बैंकें अपने आपको यह बताने में तुली हुई हैं कि अब हमारे पास धन नहीं है, पर आज भी यदि कोई उपभोक्ता उनसे लोन लेने या क्रेडिट कार्ड लेने जाए, तो वह पलक पावड़े बिछाकर उसका स्वागत करती है। एक बार यदि ग्राहक इन की बातों में फँस जाए, तो फिर उसका छुटकारा मुश्किल है। यदि हम अपने घर के करीब किसी दुकानदार से सामान लेते हैं, यदि सात तारीख तक उसका भुगतान नहीं कर पाते, तो वह समझ जाता है कि कोई परेशानी होगी। वह आठ दिन और इंतजार कर लेता है। पर बैंक के कंप्यूटर को इस तरह की कोई आदत नहीं सिखाई गई है। वह अपना काम बखूबी जानता है और ग्राहक पर बोझ बढ़ा देता है। ग्राहकों को लूटने के लिए उसके पास कई साधन हैं।
बिना विचार किए लिए जाने वाले लोन और के्रडिटकार्ड पर खर्च पर तगड़ा ब्याज देना पड़ता है, इसे कभी न भूलें। एक बार अपने क्रेडिट कार्ड से प्राप्त सुविधा और उस पर लगने वाले ब्याज पर नजर डाल लें, तो आपको समझ में आ जाएगा कि सुविधा तो कम मिली, पर ब्याज अधिक लग गया। अपने तमाम स्टेटमेन का बारीकी से अध्ययन करें, आप देखेंगे कि उसमें कई ऐसे पेंच होंगे, जिसमें आप कभी भी फँस सकते हैं। के्रडिट कार्ड या लोन की जानकारी अपने घर के सदस्यों को अवश्य दें, ताकि समय पर उनसे सहायता ली जा सके। किसी एजेंसी के कहने या फिर दोस्त की देखादेखी में लोन या क्रेडिट कार्ड कदापि न लें, अन्यथा आप मुश्किल में पड़ सकते हैं।
क्रेडिट कार्ड लेने वाले यह ध्यान में रखें कि क्या वास्तव में उन्हें उसकी आवश्यकता है? जब आवश्यकता ही है, तो उसके नखरे उठाने की क्षमता क्या आपमें है? कहीं आप किसी के कहने पर या अपनी इात में चार चाँद लगाने के लिए तो ऐसा नहीं कर रहे हैं? अक्सर लोग अपनी शान बढ़ाने के लिए ऐसा करते हैं, जो भविष्य में उनके लिए अभिशाप बनकर सामने आता है। भौतिक सुख प्राप्त करने के ये सभी साधन तनाव लेकर आते हैं, यह सच है, इनसे मानसिक शांति नहीं खरीदी जा सकती है। सच्चा सुख तो घर की सूखी रोटी और चटनी में भी मिल सकता है, यदि आपमें उस सुख को समझने की समझ है तो ................
डॉ. महेश परिमल

शनिवार, 27 दिसंबर 2008

मोबाइल मेसेज और डिप्रेशन की शिकार युवापीढ़ी


भारती परिमल
बीप... बीप... बीप... मोबाइल पर मेसेज का सिगनल आया और मोबाइलधारी जो कुछ समय पहले बाहरी दुनिया से जुड़ा हुआ था, वह एकदम से उससे कट गया और पहुँच गया मोबाइल से जुड़ी एक छोटी सी दुनिया में। मोबाइल की दुनिया छोटी इसलिए कि जैसे-जैसे विज्ञान उन्नति करता जा रहा है, लोगों से हमारा जुडाव कम से कमतर हाो चला जा रहा है। एक समय था, जब हमारे पास अपने स्नेहीजनों से मिलने के लिए सशरीर उनके पास पहुँचने के सिवाय और कोई उपाय न था। लोग तीज-त्योहार पर ही नहीं यूँ ही इच्छा होने पर एक-दूसरे के हालचाल जानने के लिए समय निकाल कर घर मिलने के लिए जाते थे। घंटों साथ बैठकर दु:ख-सुख की बातें करते थे। गप्पों की थाली में अपने अनुभवों की वानगी एक-दूसरे को परोसते थे। फिर समय ने करवट ली और पत्र लिखने का दौर आया। अब जब मिलने जाना संभव न होता, तो लोग लम्बे-लम्बे पत्रों के माध्यम से अपने दिल का हाल सामने वाले को सुनाते थे और उसकी खैर-खबर पूछते थे। स्नेह की पाती पर अपनेपन के उभरे हुए अक्षर और अंत में स्वयं के स्वर्णिम हस्ताक्षर से सुसाित पत्र जब अपनों के द्वार पर पहुँचता था, तो ऑंखों में दूरी का भीगापन भी होता था और दूर होकर भी पास होने की चमक भी झलक आती थी।
पत्रों की यह दुनिया अपनी धीमी रफ्तार से आगे बढ़ ही रही थी कि विकास का एक और साधन हमारे घर की शोभा बन गया। टेलिफोन ने घर-घर में अपना वर्चस्व स्थापित कर लिया। अब लोगों को एक-दूसरे के हालचाल पूछने के लिए मिलने जाने या पत्र लिखने की आवश्यकता नहीं थी। फोन के माध्यम से ही वे एक-दूसरे से बातें कर लिया करते थे। स्वजनों से मिलने का सिलसिला कम होता चला गया। पत्र लिखना तो मानों छूट ही गया। जबकि पत्र अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। पत्र में जिस तरह से अपनी भावनाओं को उँडेला जा सकता है, वह फोन में संभव नहीं है। पत्र को लम्बे समय तक सहेजकर रखा जा सकता है। पत्र में लिखे गए अक्षर व्यक्तित्व की पहचान होते हैं। लोगों ने इस बात को महसूस भी किया, किंतु समय की कमी और व्यस्तता के बीच इस प्रगति को स्वीकार करना ही विवशता थी।
आज भी फोन का अपना महत्व है। फोन से लाभ है, तो नुकसान भी। फोन पर की जानेवाली बातचीत में आमने-सामने मिलने जैसी आत्मीयता नहीं होती, किंतु उसके बाद भी ध्वनि के माध्यम से एक-दूसरे की भावनाओं को समझा जा सकता है। अपनी खिलखिलाहट से खुशी जाहिर की जा सकती है, तो सिसकियों के द्वारा अपने दु:ख को भी महसूस करवाया जा सकता है। फोन के माध्यम से अपनेपन को बाँटा जा सकता है, किंतु इससे मिलने वाली खुशी को देखा नहीं जा सकता।
आज है एसएमएस का जमाना। संदेश संप्रेषण का सबसे आधुनिक माध्यम- मोबाइल द्वारा एसएमएस करना और अपनी बात सामने वाले तक पहुँचाना। बात पहुँचने के बाद उस पर उसकी क्या प्रतिकि्रया हुई इस बात से बिलकुल अनजान रहना। क्योंकि यह संप्रेषण का एकतरफा माध्यम है। मोबाइल द्वारा एसएमएस भेजना भावनाओं को व्यक्त करने के बजाए उन्हें छुपाना है। किसी को सॉरी कहने के लिए उसे महसूस करने की कोई आवश्यकता नहीं है। बस, मैसेज बॉक्स में सौरी लिखा और भेज दिया। एक सेकन्ड में यह मैसेज सामने वाले तक पहुँच जाएगा। मैसेज का आदान-प्रदान वन-वे ट ्रेफिक है। आप सामने वाले को आघात तो पहुँचा सकते हैं, पर उसके प्रत्याघात से बचा जा सकता है। एसएमएस के माध्यम से किसी का दिल एक पल में तोड़ा जा सकता है, किंतु उसके टूटने की आवाज को सुना नहीं जा सकता।
एसएमएस का फैशन जिस तेजी से बढ़ रहा है, उतनी ही तेजी से आत्मीयता खत्म होती जा रही है। मोबाइल के द्वारा एसएमएस से विवाह हो रहे हैं, तो एक ही क्षण में तलाक भी लिए जा रहे हैं। एसएमएस की आकर्षक दुनिया लोगों को करीब ला रही है, तो उनके बीच दूरियाँ भी बढ़ा रही है। हॉलीवुड अदाकारा ब्रिटनी ने मोबाइल मैसेज के माध्यम से एक तरफ मोबाइल का महत्व बढ़ा दिया, तो दूसरी ओर वैवाहिक जीवन के महत्व को भी क्षण भर में कम कर दिया। टेक्स्ट मैसेज का उपयोग बातचीत करने के लिए कम और बातचीत टालने के लिए अधिक किया जाता है। कॉलेज के युवा तो अपने मित्राें से केवल एसएमएस के माध्यम से ही बातें करते हैं। भावनाओं की अभिव्यक्ति को इसने बिलकुल निष्प्राण बना दिया है। आपको आश्चर्य होगा, किंतु सच यह है कि आज की युवापीढ़ी को भावनाओं की अभिव्यक्ति के प्रति रूचि भी नहीं है। वे इसे समय बरबाद करने के अलावा और कुछ नहीं मानती।
इस व्यस्त दिनचर्या और एसएमएस में सिमटी दुनिया युवापीढ़ी को मानसिक रूप से बीमार बना रही है। मोबाइल से भेजे जानेवाले एसएमएस इतने छोटे होते हैं कि उसमें भाषा की दरिद्रता साफ झलकती है। साथ ही विचारों और भावनाओं की दरिद्रता भी छुप नहीं सकती। इसे न तो प्रिंट के माध्यम से अपने पास फाइल में सुरक्षित रखा जा सकता है न ही मैसेज बॉक्स में लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है।
आज के आधुनिक उपकरण मानवीय शक्तियों को बढ़ा रहे हैं, किंतु साथ ही उसकी भावनाओं को कुंठित कर रहे हैं। एक-दूसरे को यूं तो मोबाइल के माध्यम से कुछ सेकन्ड में ही सुन सकते हैं, मैसेज के माध्यम से वैचारिक रूप से मिल भी सकते हैं, किंतु अपनेपन की खुशी या गम बाँटने में ये माध्यम बिलकुल निरर्थक है। एसएमएस के इस क
्रांतिकारी अविष्कार ने युवाओं को अकेलेपन का ऐसा साम्राय दिया है कि उसके मालिक वे स्वयं हैं। इसकी खुशी बाँटने के लिए भी आसपास कोई नहीं है। नीरवता का यह संसार उन्हें लगातार डिप्रेशन की ओर ले जा रहा है। तनाव का दलदल उन्हें अपनी ओर खींच रहा है और युवापीढ़ी है कि मानसिक रोगी बनने के कगार पर पहुँचने के बाद भी हथेली में सिमटी इस दुनिया से बाहर ही नहीं आना चाहती। बीप..बीप.. की यह ध्वनि भविष्य की पदचाप को अनसुना कर रही हैं। फिर भी युवा है कि इस बात से अनजान अपनेआप में ही मस्त है। समाज में बढ़ते इन मानसिक रोगियों के लिए कौन जवाबदार है वैज्ञानिक या स्वयं ये मानसिक रोगी बनाम आज की युवापीढ़ी? जवाब हमें ही ढूँढ़ना होगा।
भारती परिमल

गुरुवार, 25 दिसंबर 2008

ये तो होना ही था



नीरज नैयर
जार्ज डब्लू बुश ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि अपने कार्यकाल के आखिरी दिनों में उन्हें यूं जलालत झेलनी पड़ेगी. इराक में जो कुछ भी हुआ उसने न सिर्फ बुश को बल्कि पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है. इराकी प्रधानमंत्री मलिकी की मौजूदगी में एक पत्रकार उठता है, बुश को गालियां देता है, अपना जूता निकालकर अमेरिकी राष्ट्रपति की तरफ फेंकता और पल भर में ही इतना प्रसिद्ध बन जाता है कि उसकी रिहाई के लिए सड़कों पर प्रदर्शन होने लगते हैं. इस घटना ने भले ही बुश विरोधियों को ताउम्र हंसने का मौका दे दिया हो मगर इसने इराकियों के उस दर्द और बेबसी को भी बयां किया है जो वो बरसों से झेलते आ रहे हैं. यह घटना इस बात का सुबूत है कि सद्दाम की मौत के इतने समय बाद भी बुश और अमेरिका के प्रति इराकियों के दिल में णनफरत कायम है. कहने को तो इराक में चुनी हुई सरकार है, लोगों को अपने हक की आवाज उठाने का अधिकार है मगर इसे सिर्फ कहने तक ही कहा जाए तो अच्छा बेहतर होगा. इराक में अब भी करीब 14,9,000 अमेरिकी और ब्रितानी सैनिक जमे हुए हैं, खून-खराबा वहां आम बात हो गई है. कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है. हर इराकी को दुश्मन के नजरीए से देखा जाता है. पैदा होने से पहले ही बच्चा गोलियों की इतनी आवाज सुन लेता है कि दुनिया में आने के बाद उसे ये सब खेल लगने लगता है. ऐसे मुल्क में रहने वालों से जूता फेंकने की नहीं तो और क्या उम्मीद की जा सकती है. सद्दाम के तनाशाही शासन के खात्मे के वक्त इराक में थोड़ा गुस्सा जरूर था मगर लोगों को इस बात की आस भी कि शायद अब उन्हें बेहतर जिंदगी नसीब होगी, उन्हें दूसरे मुल्कों के आवाम की तरह खुला माहौल मिलेगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. उल्टा उनकी जिंदगी बद से बदतर हो गई है. मानवीय हालात वहां हर रोज बिगड़ते जा रहे हैं. इराकियों की रोजमर्रा की जरूरतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. उन्हें न तो भरपेट भोजन मिल रहा है और न ही पानी. हालात ये हो चले हैं कि लोगों को अपनी कमाई का एक तिहाई यानी करीब 150 डॉलर महज पानी खरीदने के लिए ही खर्च करना पड़ रहा हैं. स्वास्थ्य सेवाओं की हालत भी बिगड़ती जा रही है. जो सेवाएं उपलब्ध हैं वो इतनी मंहगी है कि आम आदमी की पहुंच में नहीं आती. सरकारी अस्पतालों में सिर्फ 30 हजार बिस्तर हैं जो 80 हजार की जरूरतों के आधे से भी कम हैं. लोगों का आर्थिक स्तर इतना गिर गया है कि कई-कई दिन घर में चूल्हा नहीं जल पाता. अमेरिका ने पहले कहा था कि लोकतांत्रिक सरकार की स्थापना के बाद वो इराक से पूरी तरह हट जाएगा लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. हालात को काबू करने के नाम पर उसने सेना को वहीं बसा दिया. ब्रिटेन ने भी उसका भरपूर सहयोग दिया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी खामोशी साधे रहा. इराक पर अमेरिका के हमले की शुरूआती दिनों में जमकर तारीफ हुई थी लेकिन धीरे-धीरे उसकी अमानवीय तस्वीरों के सामने आने के बाद अधिकतर लोगों की सोच बदल गई. अबू गरेब जेल में यातनाओं के फुटेज ने पूरी दुनिया को अमेरिकी सेना का खौफनाक चेहरा दिखाया. कहा जाता है कि बसरा के नजदीक बक्का में अमेरिकी सैनिकों के कब्जे में अब भी 20 हजार इराकी हैं, जिनमें सबसे ज्यादा तादाद पुरुषों की है. अतंरराष्ट्रीय संस्था रेडक्रास भी इराक के हालात पर ंचिंता जता चुकी है. उसका कहना है कि इराक के बदतर मानवीय हालात केवल तभी ठीक किए जा सकते हैं जब इराकी नागरिकों को रोजमर्रा की जरूरतों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाए. इराक में सद्दाम हुसैन के वक्त जो हालात थे उन्हें मौजूदा हालातों से बेहतर कहा जाए तो शायद गलत नहीं होगा. संयुक्त राष्ट्र डवलपमेंट प्रोग्राम की रिपोर्ट भी कुछ ऐसा ही बयां करती है. रिपोर्ट में कहा गया है कि युद्ध के बाद इराकियों का जीवन स्तर खतरनाक तरीके से गिरता जा रहा है. पानी-भोजन, बिजली और सुरक्षा जैसी मूलभूत जरूरतें भी वहां गंभीर समस्या बन गई हैं. इराक में 39 प्रतिशत आबादी 15 साल से कम उम्र के लोगों की है, जिनकी स्थिति सर्वाधिक दयानीय है. छह महने से पांच साल तक के अधिकतर बच्चे कुपोषण की गिरफ्त में हैं. साक्षारता का ग्राफ भी ऊपर चढ़ने के बजाए पिछले कुछ सालों में बहुत तेजी से नीचे आया है. इराक में जो एक और समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है वह है बेरोजगारी. करीब 37 फीसदी पढ़े-लिखे लोग नौकरी की तलाश में हताशा के शिकार बन बैठे हैं. और हर साल इन आंकड़ों में इजाफा हो रहा है. इसके साथ-साथ भ्रष्टाचार भी वहां तेजी से पैर पसार चुका है. कुछ महीनों में ही इसने तीन गुने से ज्यादा की रफ्तार पकड़ ली है. कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि इराक बर्बादी के ऐसे दौर से गुजर रहा है जहां से बेहतरी की कोई उम्मीद दूर-दूर तक नजर नहीं आती. ऊपर से अमेरिका भी अब अपने वादों से मुकरने लगा है. इराकी नेतृत्व खुद यह आरोप लगा चुका है कि वाशिंगटन की तरफ से जिस तरह का आश्वासन दिया गया था वैसी मदद नहीं मिल पा रही है. अमेरिका ने इराक की स्थिति सुधारने के लिए सात प्रोजेक्ट चलाए थे जिनमें से अधिकतर बंद किए जा चुके हैं. इराक की णआर्थिक जरूरतों से भी अमेरिका ने पीछा छुड़ा लिया है. जबकि जापान आदि देशों से इराक के पुर्नउद्धार के लिए सहायता मिल रही है. दरअसल इराक अब अमेरिका के गले की हड्डी बन गया है. दिन ब दिन वहां खराब होते हालात से उसकी स्थिति भी बिगड़ती जा रही है. इराक को फिर से पैरों पर खड़ा करने का खर्चा उठाने में अब वो कानाकानी दिखा रहा है. हालांकि ये बात अलग है कि इराक में बने रहने के लिए अब तक वो बेशुमार पैसा बहा चुका है. इराक में जहां अमेरिका और ब्रिटेन की सेना डेरा डाले हुए हैं वहां आमजन की सुरक्षा व्यवस्था के सबसे बड़ी कमजोरी के रूप में उबरकर आना अपने आप में यह साबित करता है कि अमेरिका की इराकी जनता के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं उसे केवल वहां जमें रहने से मतलब है. कुछ वक्त पहले किए गये एक सर्वेक्षण में करीब 80 प्रतिशत लोगों का मानना था कि सुरक्षा व्यवस्था की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि घर में भी लोग खुद को महफूज नहीं समझते. भले ही अमेरिका और उसके सहयोगी अपनी इराक नीति कोआज भी वाजिब ठहरा रहे हो मगर वहां की जनता उन्हें इसके लिए कभी माफ नहीं करने वाली. दाने-दाने को मोहताज लोग, बिलखते बच्चे, अपनों की शवों पर मातम करती महिलाएं इराक की पहचान बन कर रह गई है. ऐसे में इराकी जनता की बुश के प्रति नारजागी का जो मुजाएरा बुश-मलिकी की प्रेस कांफ्रेंस में देखने को मिला उसे कतई गलत नहीं ठहराया जा सकता.
नीरज नैयर
9893121591

बुधवार, 24 दिसंबर 2008

इस हमले से हमने आखिर क्या सीखा?


इस हमले से हमने आखिर क्या सीखा?
डॉ. महेश परिमल
मुम्बई नहीं यह देश पर हमला है। ऐसा कहने वाले आज हमारे बीच कई लोग हैं। अब तो रोज ही हमारी नाकामियों की खबरें पढ़ने को मिल रही हैं। कोई कहता है 'हाँ हमसे चूक हुई', तो कोई कहता है कि कमांडो भेजने में दो घंटे की देर हमारी अफसरशाही के कारण हुई। उधर तुकाराम आम्बोले ने हिम्मत दिखाकर आतंकवादी के ए के 47 की नाल ही पकड़कर अपने साथियों को बचा लिया, आज वही एकमात्र आतंकवादी जीवित आतंकवादी बचा है। दूसरी ओर पुलिस के उच्च अधिकारी हेमंत करकरे, विजय सालस्कर आदि शहीद हो गए। देखा जाए, तो इन सबको हमारी नाकामियों ने ही शहीद बनाया है।
कुछ समय पहले अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर मुशीरुल हसन ने यह कहा था कि इतने वर्षों बाद भी क्या हमें देशप्रेम का सुबूत देना होगा? यह बात तब कही गई, जब दिल्ली के जामिया नगर के बटला हाउस एनकाउंटर में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों का हाथ होने की जानकारी मिली थी। जब ये विद्यार्थी पकड़े गए, तब इनका मुकदमा लड़ने का खर्च यूनिवर्सिटी करेगी, ऐसा श्री हसन ने कहा था। इसकी काफी आलोचना हुई थी। उसी समय एक ऍंगरेजी दैनिक को दिए एक साक्षात्कार में मुशीरुल हसन ने कहा था कि क्या इतने वर्षों बाद हमें अपने देशप्रेम का सुबूत देना होगा?
उनके इस सवाल के जवाब में यही कहा जा सकता है कि हाँ जनाब, आप अपने सीने पर हाथ रखकर खुदा को हाजिर-नाजिर मानकर यह कह दें कि मुम्बई पर हमले में आतंकवादियों की सहायता करने वाला स्थानीय नागरिक नहीं था। लानत है ऐसे गद्दारों पर, जो इस देश की माटी में जन्म लेकर उसी माटी के साथ गद्दारी कर रहे हैं। यह गददारी देश की माटी के साथ नहीं, बल्कि अपनी माँ के दूध के साथ कर रहे हैं। माँ के दूध को उन्होंने लजाया है। दुश्मन देश के आतंकवादियों से मिलकर उन्होंने बेगुनाहों के खून से होली खेली है, इससे यदि उन्हें जन्नत भी नसीब होती है, तो हम सब थूकते हैं, उस जन्नत पर। ऐसी जन्नत उन्हें और खून के प्यासे लोगों को ही मुबारक।
देश की आर्थिक राजधानी पर हुए आतंकवादी हमले से हमें बहुत कुछ सीखना है। सबसे पहले तो यही कि देश की सीमा खुली पड़ी है। विशेषकर समुद्री सीमा। गुजरात की 1600 किलोमीटर लम्बी समुद्री सीमा की हालत तो बहुत ही खराब है। इस समुद्री तट पर यदि बड़ी मात्रा में व्यापार हो रहा है, तो दूसरी तरफ आतंकवादियों की घुसपैठ की संभावना भी प्रबल है। इसे हमें नहीं भूलना चाहिए।
अभी मुम्बई के जिस स्थान पर आतंकवादी हमला हुआ, उसके आसपास भारतीय सेना की वेस्टर्न कमांड की बड़ी यूनिट है। वहीं पर भारतीय नौका दल का बहुत बड़ा अड्डा है। सेना का गुप्तचर विभाग, कोस्ट गार्ड, देश के केंद्रीय गुप्तचर विभाग, रॉ और सीबीआई, इन सभी का पानी एक झटके में आतंकवादियों ने उतार दिया। मुम्बई पुलिस और सीबीआई तो पूरी तरह से निष्फल ही साबित हुई है। इसका पूरा खामियाजा भी भुगतना पड़ा, हेमंत करकरे और विजय सालस्कर जैसे जाँबाज अफसरों को खोकर। मुम्बई पुलिस ने मछुआरों की बात पर भरोसा न कर अपना पुलिसियापन दिखा ही दिया। एक साधारण सा नागरिक भी यदि पुलिस में किसी प्रकार की शिकायत करता है, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। पुलिस इस बात को कभी नहीं भूले, तो कुछ बेहतर की गुंजाइश हो सकती है।
यहाँ एक और बात समझने लायक है, वह यह कि विदेशी धरती पर दो-चार महीने प्रशिक्षण लेकर मुम्बई में पूरे 72 घंटे तक आतंक मचाकर सवा करोड़ की आबादी को बुरी तरह से भयभीत कर दिया, इसे निपटने में आतंकवाद को जड़ से खतम करने का संकल्प करने वाली हमारी सरकार बुरी तरह से विफल साबित हुई है। एक वोट बैंक की खातिर एक वर्ग विशेष को अल्पसंख्यक आखिर कब तक माना जाएगा? एक तरफ यह वर्ग सरकार की तरफ से अधिक से अधिक सुविधाएँ प्राप्त कर रहा है, दूसरी तरफ इसी वर्ग का एक बहुत ही छोटा या कह लें बड़ा भाग दुश्मन देश से मिलकर हमारी ही पीठ पर छुरा घोंप रहा है। ऐसा आखिर कब तक सहन किया जा सकता है?
इतने दिन हो गए, क्या अभी तक हमने अंतरराष्ट्रीय स्तर के किसी मुस्लिम नेता, उद्योगपति या शिक्षाशास्त्री ने इस आतंकवाद का खुलकर विरोध किया है? क्यों इसके लिए सीधे पाकिस्तान पर आरोप नहीं लगाया जाता? क्या ये सब आतंकवादियों से डर रहे हैं? याद रखें, ऐसे हमले का विरोध न कर चुपचाप रहना यानी आतंकवाद को अपनी मौन सहमति देना है।
अंतिम बात यही कही जा सकती है कि हिंदू यदि स्वयं ही संगठित हो जाएँ, तो कोई ताकत ऐसी नहीं है, जो उनकी आत्मा पर इस तरह के हमले कर सके। आज जो तमाम हिंदू संगठन आपके सामने दिखाई दे रहे हैं, ये सब आपत्ति के समय दुम दबाकर भाग जाएँगे। तमाम नेता, पार्टी और परिषद कुछ भी काम नहीं आने वाली। आज हम कई मोर्चे पर मार खा रहे हैं, क्योंकि हममें एकता नहीं है। इस एकता पर एक ऐतिहासिक घटना याद आ रही है, जो आज की कथित एकता पर एक सवालिया निशान छोड़ती है:5
हुआ यूँ कि भूतकाल में एक बादशाह ने भारत पर आक्रमण किया। उन दिनों सूर्योदय से सूर्यास्त तक लड़ाई चलती थी। उसके बाद घायलों की सेवा और आराम होता था, उसके बाद सुबह तक आराम। लड़ाई की पहली शाम को एक ऊँचे टीले पर बादशाह ने भारतीयों के शिविर की ओर देखा, वहाँ पर जगह-जगह आग जल रही थी। बादशाह ने अपने खबरची से पूछा-ये क्या हो रहा है? तब खबरची ने बताया कि ये सब अपना-अपना खाना पका रहे हैं। बादशाह को आश्चर्य हुआ। ये सब अपना खाना अलग-अलग क्यों पका रहे हैं? बादशाह सलामत-खबरची ने कहा- ये सब हिंदू हैं, ये एक-दूसरे का पकाया खाना नहीं खाते। बाह्मण की रसोई अलग, क्षत्रिय की रसोई अलग, शूद्र और वैश्य की रसोई अलग होती है। बादशाह ने तुरंत ने अपने सेनापति को बुलाकर कहा कि हमारे आधे सैनिक वापस भेज दो। जो कौम एक साथ खाना नहीं खा सकती, वह एक साथ युध्द कैसे कर सकती है? इन्हें जीतना बहुत ही आसान है।
हम इसीलिए लगातार मार खा रहे हैं। या तो संगठित होकर आतंकवाद का मुकाबला करो, या फिर मार खाओ और मुम्बई जैसी आतंकवाद की घटना को झेलकर विश्व में हँसी का पात्र बनो। हमारे ही धन से ब्लेक कमांडो से घिरे हुए बेशर्म और नपुंसक नेता जब स्वयं की रक्षा नहीं कर सकते, वे हमारी रक्षा भला क्या करेंगे? अब समय आ गया है कि कुछ ऐसा किया जाए, जिसमें हमारी एकता भी कायम रहे और हमारी जातिगत सुरक्षा भी अपनी पहचान बना सके। अब किसी पर विश्वास करने के बजाए अपने हाथों पर विश्वास करने के दिन आ गए हैं।
डॉ. महेश परिमल

शनिवार, 20 दिसंबर 2008

प्रिय प्रीति के नाम प्रेम की पाती


शादी की सालगिरह की कोटिश: बधाइयाँ

एक ओस पाती पर रखी
अलसभोर की सगी सखी
जमी पर ठहरा बादल या कुहासा
फिर भी दिखती तुम मेरी खुशी
टप टप टपकती सूरज की किरण में तुम
निर्झर बहती चाँद की रोशनी में तुम
होले-हौल चलते झरनों में तुम
मेरे अनुलोम-विलोम सांसों में तुम
मेरी मदहीन मदमाती रातों में तुम
हर गम और खुशी
की बातों में तुम
मेरे सुर और बेसुर रागों में तुम
पतझड़ और बागे बहारों में तुम
न भूलने वाली और भूली यादों में तुम
मेरी जागते और सोते ख्वाबों में तुम
सिर्फ तुम और सिर्फ तुम ही तुम
खुशाल राठौड़10-12- 2008


मेरी एक अन्य कविता

आस-निराशा

मैं मुतमइन हूँ पत्थर भी पिघल सकता है
पहले इस पानी को बर्फ तो बनने दो
वो कहते हैं कुछ भी याद नहीं मुझे
अतीत की यादों को भूलने तो दो
आग का दरिया पार किया है मैंने
मुझे इस आग में तपने तो दो
एक तरल विश्वास बहता है मेरे भीतर
तुम छूकर इसे पनपने तो दो
अब नहीं चला जाता इस डगर पर
तुम इन साँसों को चलने तो दो
बहुत जी लिया किनारे रहकर
अब तो इस नाव को डूबने तो दो
डॉ. महेश परिमल

गुरुवार, 18 दिसंबर 2008

सामुदायिक रेडियो : एक नए युग की शुरुआत


राकेश ढौंडियाल
मीडिया विस्फोट के इस दौर में जहाँ एक ओर भारतीय उपग्रह चैनल आपसी प्रतिस्पर्धा में सिर्फ बाज़ार को दृष्टिगत रखते हुए, कार्यक्रमों का प्रसारण कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निजी एफएम चैनलों की भीड़ फिल्संगीत और पॉप म्यूज़िक का प्रसारण कर राजस्व कमाने की होड़ में जुटी है। आकाशवाणी अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को स्वीकारता है किन्तु राजस्व अर्जन के बढ़ते दबाव के चलते आकाशवाणी ज़बरदस्त बदलाव के दौर से गुज़र रहा है । आम भारतीय की स्थानीय समस्याओं और हितों को दृष्टिगत रखते हुए आकाशवाणी द्वारा राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के प्रसारण के साथ- साथ देश भर में स्थानीय स्तर पर कई 'लोकल रेडियो स्टेशन' आरम्भ किए गए । देश भर में बिछे रेडियो चैनलों के जाल के बावजूद लगातार यह महसूस किया जाता रहा कि कुछ है जो छूट रहा है, छोटे समुदायों के प्रसारण हितों और अधिकारों का पूर्णतया संरक्षण नहीं हो पा रहा है। सम्भवत: इसीलिए भारत में सामुदायिक रेडियो को वैधानिक मान्यता मिलते ही कई समुदायों का ध्यान इस ओर गया है।

सामुदायिक रेडियो को किसी एक परिभाषा में बाँधना सम्भव नहीं है। प्रत्येक देश के संस्कृति सम्बन्धी क़ानूनों में अन्तर होने के कारण देश और काल के साथ इसकी परिभाषा बदल जाती है। किन्तु मोटे तौर पर किसी छोटे समुदाय द्वारा संचालित कम लागत वाला रेडियो स्टेशन जो समुदाय के हितों, उसकी पसंद और समुदाय के विकास को दृष्टिगत रखते हुए ग़ैरव्यावसायिक प्रसारण करता है, सामुदायिक रेडियो केन्द्र कहलाता है। ऐसे रेडियो केन्द्र द्वारा कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, सामुदायिक विकास, संस्कृति सम्बन्धी कार्यक्रमों के प्रसारण के साथ-साथ समुदाय के लिए तात्कालिक प्रासंगिता के कार्यक्रमों का प्रसारण किया जा सकता है। सामुदायिक केन्द्र का उद्देशय समुदाय के सदस्यों को शामिल कर समुदाय के लिए कार्य करना है।

सामुदायिक रेडियो की शुरूआत अमरीका में बीसवी सदी के चौथे दशक में हो गई थी। इसके पूर्व तीसरे दशक में, डेविड आर्मस्ट्राँग, एफएम प्रसारण का अविष्कार कर रेडियो प्रसारण के एक नए युग का सूत्रपात कर चुके थे। अपने शुरूआती दिनों में अमरीकी रेडियो का स्वरूप मुख्यतया व्यावसायिक था। द्वितीय विश्वयुद्ध के पश्चात् फेडरल कम्युनिकेशन कमीशन द्वारा एफएम बैंड की निचली आवृतियों (881 मेगा हर्ट्ज़ से 919 मेगा हार्ट्ज़ तक) शैक्षणिक रेडियो के लिए सुरक्षित रखने का प्रावधान किया गया। एफएम रेडियो की संभावनाओं को पहचानने का यह पहला प्रयास था। एफएम रेडियो तकनीक की सुविधाजनक प्रणाली और इसकी कम लागत को देखते हुए भविष्य दृष्टाओं को इसमें एक ओर संभावना नज़र आई सामुदायिक रेडियो केन्द्र की संभावना । सामुदायिक रेडियो की कल्पना ने जब साकार रूप लिया तो यह संचार के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी क़दम सिद्ध हुआ
पहला सामुदायिक रेडियो केन्द्र 'वेस्ट कोस्ट' में लुइस हिल नाम के मशहूर पत्रकार द्वारा आरम्भ किया गया। 1946 में इससे जुड़े प्रसारणकर्ताओं ने ''पेसिफिका फाउंडेशन'' की स्थापना की। विश्व युद्ध के पश्चात् उस समय विभिन्न राष्ट्रों के बीच समझ पैदा करने को आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इसी उद्देश्य से पेसेफिका फाउंडेशन ने सामुदायिक रेडियो प्रसारण आरम्भ किया। इस फाउंडेशन से जुड़े शांतिप्रिय बुद्धिजीवी इस बात से भली भाँति परिचित थे कि रेडियो के प्रायोजक इसके कार्यक्रमों को अपने हितों के अनुरूप प्रभावित कर सकते हैं अत: यह निर्णय लिया गया कि श्रोताओं की सहायता से ही केन्द्र का व्यय वहन किया जाएगा। आवश्यक राशि जुटाने के बाद फाउंडेशन ने बर्कले, कैलिफोर्निया से 15 अप्रैल 1949 को प्रसारण आरम्भ कर दिया। इस रेडियो केन्द्र से आज भी प्रसारण हो रहा है और अपनी तरह का यह सबसे पुराना रेडियो केन्द्र है। लेटिन अमरीकी देश बोलीविया में खदान श्रमिकों द्वारा 1949 में आरम्भ किया गया रेडियो केन्द्र, सामुदायिक रेडियो का अनूठा उदाहरण है। बोलीविया अपनी चाँदी एवम् टिन की खानों के लिए एक समय विश्व प्रसिद्ध था। शहरों से मीलों दूर इन खानों में हज़ारों श्रमिक कार्य करते थे। इनके लिए मनोरंजन और संचार के माध्यमों का नितांत अभाव था। इन श्रमिकों ने अपने वेतन का एक भाग संचित कर उस राशि से एक रेडियो केन्द्र स्थापित किया । प्रसारण की लोकप्रियता इस कदर बढ़ी कि इसने स्थानीय पत्र और तार सेवा के महत्व को तक कम दिया। श्रमिकों के संदेश सांस्कृतिक गतिविधियों की सूचना आपातकालीन उदघोषणाएं , सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सम्बन्धी जानकारियों के साथ-साथ ट्रेड यूनियन और सरकार के बीच संवाद के समाचार प्रसारित होने लगे। कुछ ही वर्षों में बोलीविया में ऐसे 26 सामुदायिक रेडियो केन्द्रों से प्रसारण आरम्भ हो गया। सैन्य शासन के दौरान कई बार इन केन्द्रों को कुचल दिया गया किन्तु इस विचार में इतनी शक्ति थी कि ये बार-बार उठ खड़ा हुआ । इंग्लैंड में कम्युनिटी रेडियो का विचार उन अवैधानिक रेडियो स्टेशनों से आरम्भ हुआ जो सत्तर के दशक में बरमिंघम, बिस्टल, लंदन और मैनचेस्टर में ऐफ्रो-कैरिबियाई अप्रवासियों द्वारा आरम्भ किए गए। हालांकि ब्रिटिश सरकार ने इन्हें 'पाइरेट रेडियो' की संज्ञा दी थी किन्तु अवैधानिक होने के बावजूद इन केन्द्रों ने कम्युनिटी रेडियो की शक्ति को सिद्ध कर दिया था।
भारत में सामुदायिक रेडियो की आधारशिला सर्वोच्च न्यायालय ने 1995 में रखी जब उसने अपने एक महत्वपूर्ण फ़ैसले में यह कहा कि 'रेडियो तरंगे लोक सम्पति हैं'। अन्नामलाई विश्वविद्यालय , चेन्नई का 'अन्ना एफएम' भारत का पहला कैम्पस कम्युनिटी रेडियो केन्द्र बना, जिसका प्रसारण 01 फरवरी 2004 से आरम्भ हुआ। इसे ई अम आर सी ।द्वारा संचालित किया जाता है। 16 नवम्बर 2006 को भारत सरकार द्वारा एक नई कम्युनिटी रेडियो नीति को अधिसूचित किया गया । इसके अनुसार ग़ैरव्यावसायिक संस्थायें, जैसे स्वयंसेवी संस्थायें, कृषि विश्वविद्यालय ,सामाजिक संस्थायें, भारतीय कृषि अनुसंधान की संस्थायें, कृषि विज्ञान केन्द्र तथा शैक्षणिक संस्था कम्युनिटी रेडियो के लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकती हैं । ऐसी कोई भी संस्था, जो व्यावसायिक, राजनैतिक, आपराधिक गतिविधियों से सम्बद्ध हो या जिसे केन्द्र अथवा राज्य सरकार द्वारा अवैध घोषित किया गया हो, कम्युनिटी रेडियो खोलने की हक़दार नहीं है। व्यष्टि या व्यक्ति विशेष को भी यह अधिकार प्राप्त नहीं है। ऐसी पंजीकृत संस्थायें जो कम से कम तीन वर्षों से सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही हों, कम्युनिट रेडियो के लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकती हैं । इसके लिए कोई लाइसेंस फीस देय नहीं है । आवेदक को रु 2500- क़े मामूली प्रोसेसिंग शुल्क के अतिरिक्त रु 25,000- क़ी बैंक गारंटी जमा करनी होती है । लाइसेंस मिलने पर इन्हें 100 वॉट के एफएम ट्रांसमिटर के ज़रिए प्रसारण करने की अनुमति मिलती है । इसका एंटेना अधिकतम 30 मीटर ऊँचाई तक स्थापित किया जा सकता है । ऐसे ट्रांसमीटर की पहुँच 12 किमी क़े घेरे तक सीमित होती है । केन्द्रों को अपने आधे कार्यक्रम यथासंभव स्थानीय भाषा या बोली में, स्थानीय स्तर पर ही बनाने होते हैं। भारत में निजी एफएम और कम्युनिटी रेडियो पर अब तक समाचारों के प्रसारण की अनुमति नहीं हैं। एक घंटे के प्रसारण समय में पाँच मिनट के विज्ञापन बजाए जा सकते हैं। प्रायोजित कार्यक्रमों के प्रसारण की अनुमति नहीं है किन्तु राज्य अथवा केन्द्र सरकार से प्रायोजित कार्यक्रम प्राप्त होने की दशा में इन्हें प्रसारित किया जा सकता है । आने वाले कुछ वर्षों में भारत भर में लगभग चार हज़ार कम्युनिटी रेडियो केन्द्र खोले जाने का अनुमान है ।

मीडिया का निजीकरण और पूर्णत: स्वतंत्र मीडिया आम भारतीय के लिए मायने नहीं रखता। आज भी भारत, गाँव में बसता है और भारतीय ग्रामीणों की प्रसारण आवश्कताओं की पूर्ति बड़े प्रसारक नहीं कर सकते। जिस देश में बहुत कम दूरियों पर लोगों की ज़रूरतें, भाषा और संस्कृति बदल जाती हो वहाँ यह संभव भी नहीं है। सामुदायिक रेडियो, सामुदायिक कल्याण, पर्यावरण जागरूकता, विविधता में एकता ओर समग्र विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर सकता है। यही नहीं कुछ और स्वतंत्रता मिलने पर यह छोटे-छोटे केन्द्र प्रजातंत्र को उसका सही अर्थ प्रदान कर सकते हैं।
राकेश ढौंडियाल

मंगलवार, 16 दिसंबर 2008

हमने अमेरिका से कुछ क्यों नहीं सीखा

नीरज नैयर
मुंबई में जो कुछ भी हुआ उसे कभी नहीं भुलाया जा सकता. आतंकवादी समुद्र के रास्ते प्रवेश करते हैं, सड़कों पर अंधाधुंध गोलियां चलाते हैं, धमाके करते हैं. स्टेशन पर, अस्पताल में कहर बरपाते हैं और आसानी से ताज-ओबरॉय और नरीमन हाउस पर कब्जा कर लेते हैं और किसी को कानोंकान खबर भी नहीं होती. कहते हैं मुंबई कभी थमती नहीं, लेकिन गुरुवार 27 नवंबर को मुंबई थमी-थमी नजर आई. स्कूल-कॉलेज पूरी तरह बंद रहे, सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. लोग अपनों की खैरियत की दुआएं करते रहे. तीन दिन तक आतंकवादी खूनी खेल खेलते रहे और सरकार शब्दों की आड़ में अपनी नपुंसकता छुपाने की कोशिश करती रही. दिल्ली धमाकों के बाद से ही ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि आतंकी मुंबई को निशाना बना सकते हैं बावजूद इसके लापरवाही बरती गई. गृहमंत्री कपड़ों की चमकार में उलझे रहे और खुफिया एजेंसियां खामोशी की चादर ताने सोती रहीं. इस वीभत्स हमले ने मुंबई पुलिस और स्थानीय खुफिया तंत्र की मर्दानगी की हकीकत भी सामने ला दी है. कहा जा रहा है कि आतंकवादी करीब दो महीने तक नरीमन हाउस इलाके में रहकर अपनी तैयारियों को अंजाम देते रहे मगर तेज तर्रार कही जाने वाले एटीएस और हमेशा सजग रहने का दावा करने वाली पुलिस को पता ही नहीं चला. और तो और पुलिस को कोलाबा-कफरोड़ के मच्छी नगर समुद्र तट पर अंजान लोगों की मौजूदगी की खबर भी दी गई, लेकिन नाकारान यहां भी हावी रहा. अगर पुलिस उस खबर को गंभीरता से लेती तो शायद तस्वीर इतनी खौफनाक नहीं होती. मुंबई पर हमला देश पर सबसे बड़ा हमला है. आतंकियों ने गुपचुप बम धमाके करके कायरता नहीं दिखाई बल्कि सामने आकर फिल्मी अंदाज में नापाक इरादों को अंजाम दिया. यह अपने आप में एक बहुत बड़ा सवाल है कि आखिर आतंकी इतने बड़े हमले की साजिश के लिए साजो-सामान कैसे जुटाते रहे, इसे स्थानीय तंत्र की विफलता के साथ-साथ कहीं न कहीं इससे उसकी संलिप्तता के तौर पर भी देखा जाना चाहिए. सरकार को अब यह स्वाकीर कर लेना चाहिए कि न तो उनका गृहमंत्री किसी काम का है और न ही इतना लंबा-चौड़ा खुफिया तंत्र. सितंबर में दिल्ली के हुए बम धमाकों के बाद कैबिनेट की विशेष बैठक में पाटिल ने खुफिया तंत्र को मजबूत करने के लिए एक विशेष योजना पेश की थी पर शायद उस पर काम करना उन्होंने मुनासिब नहीं समझा. पिछले तीन सालों में विभिन्न आतंकी घटनाओं में तीन हजार निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं और करीब 1185 सुरक्षा जवान शहीद हो चुके हैं लेकिन अब तक कोई ऐसी रणनीति नहीं बनाई गई जो आतंक फैलाने वालों को माकूल जवाब दे सके. भारत में दुनिया भर के मुकाबले खुफिया सूचनाएं जुटाने वाली सबसे ज्यादा एजेंसियां मौजूद हैं इसके बाद भी आतंकी अपनी मनमर्जी के मुताबिक मासूमों की बलि चढ़ा रहे हैं. जयपुर, बेंगलुरू, अहमदाबाद, सूरत, दिल्ली, असम और अब मुंबई में जेहादी आतंकवाद का जो खौफजदा मंजर देखने को मिला है, उसके बाद देश को चलाने और आतंकवाद पर सियासत करने वालों के सिर शर्म से झुक जाने चाहिए. अमेरिका से परमाणु करार पर जश् मनाने वालों को इस बात पर भी गौर करना चाहिए था कि आखिर अमेरिका में 911 के बाद कोई आतंकी हमला क्यों नहीं हुआ. जबकि इस्लामी कट्टरपंथ में भारत से ज्यादा अमेरिका के दुश्मन शुमार हैं. अमेरिका ओसामा बिन लादेन के निशाने पर है बावजूद इसके वहां के बाशिंदे इस इत्मिनान के साथ सोते हैं कि 911 की पुनरावृत्ति नहीं होगी. ऐसा इसलिए क्योंकि वहां पर आतंकवाद के नाम पर सियासत के बजाय आतंकवादियों को सिसकियां भरने पर मजबूर करने की रणनीति पर काम किया जाता है. वहां राष्ट्रीय सुरक्षा को धर्म और संप्रदाय, समुदाय के नजरिये से नहीं देखा जाता. 911 के बाद आतंकवाद से लड़ाई के लिए अमेरिका ने खास रणनीति बनाई थी, जिसमें फौजी हमले के साथ-साथ आतंकवादियों के धन स्त्रोत को सुखाना प्रमुख था. हालांकि फौज कार्रवाई को लेकर उसे आलोचना का सामना करना पड़ा था.
इसके साथ ही खुफिया संस्थाओं सीआईए और एफबीआई को ज्यादा अधिकार दिए गये. आंतरिक और सीमा सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय खुफिया निदेशक का एक पद निर्मित किया गया, जिसका काम सभी खुफिया एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर निकाले गए निष्कर्ष से राष्ट्रपति को अवगत कराना है. नेशनल काउंटर-टेररिम सेंटर नाम की एक राष्ट्रीय संस्था खड़ी की गई, जिसका काम सभी खुफिया सूचनाओं की लगातार स्कैनिंग करके काम की सूचनाओं को क्रमबध्द रूप देना है. डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्युरिटी नाम से बाकायदा आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय खड़ा किया गया, जिसका काम सभी रायों की पुलिस और कोस्टल गार्ड के बीच तालमेल बिठाना है. अमेरिका में भी यह काम आसान नहीं था लेकिन वहां की सरकार ने आतंकवाद को कुचलने की प्रतिबध्ता पर किसी को हावी नहीं होने दिया. हमारे यहां सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्यों पर है, केंद्र और राज्यों में अलग-अलग सरकार होने की वजह से आतंकवाद पर भी सियासत में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती. ऊपर से खुफिया एजेंसियां भी एक दूसरे को तवाो देने की आदत अब तक नहीं सीख पाई हैं. रॉ की सूचना को आईबी तवाो नहीं देती और आईबी की सूचना को राज्य के खुफिया तंत्र हवा में उड़ा देते हैं. आतंकवादियों के वित्तीय स्त्रोतों को सुखाने की दिशा में भी कोई खास काम नहीं किया गया है. कुछ वक्त पहले ही खबर आई थी कि शेयर बाजार में आतंकवादियों का पैसा लगा है. बावजूद इसके सरकार ना-नुकुर करती रही मगर पर्याप्त कदम नहीं उठाए गये और अब आतंकवाद का मुंह-तोड़ जवाब देने की बातें कही जा रही हैं. कहा जा रहा है कि आतंकवादी भारत के हौसले को नहीं डिगा पाएंगे. ऑपरेशन पूरा होने पर जय-जयकार के नारे लगाए जा रहे हैं. खुशियां मनाई जा रही हैं लेकिन इस बात का भरोसा नहीं दिलाया जा रहा है कि अब ऐसे हमले नहीं होंगे. साफ है कि सरकार महज कुछ दिनों की जुबानी कसरत की अपनी आदत को दोहरा रही है.
नीरज नैयर
9893121591

सोमवार, 15 दिसंबर 2008

इस बार नहीं


' तारे ज़ंमीं पर ' और 'रंग दे बसंती' जैसी फिल्मों के बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाले गीत लिखने वाले गीतकार प्रसून जोशी ने मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के बाद एक बेहतरीन कविता लिखी है, जो हिलाकर रख देती है।

इस बार नहीं

इस बार जब वह छोटी सी बच्ची
मेरे पास अपनी खरोंच लेकर आएगी
मैं उसे फू-फू करके नहीं बहलाऊंगा
पनपने दूंगा उसकी टीस को
इस बार नहीं

इस बार जब मैं चेहरों पर दर्द लिखूंगा
नहीं गाऊंगा गीत पीड़ा भुला देने वाले
दर्द को रिसने दूंगा
उतरने दूंगा गहरे
इस बार नहीं

इस बार मैं ना मरहम लगाऊंगा
ना ही उठाऊंगा रुई के फाहे
और ना ही कहूंगा कि तुम आंखे बंद करलो,
गर्दन उधर कर लो मैं दवा लगाता हूं
देखने दूंगा सबको
हम सबको
खुले नंगे घाव
इस बार नहीं

इस बार जब उलझनें देखूंगा,
छटपटाहट देखूंगा
नहीं दौड़ूंगा उलझी डोर लपेटने
उलझने दूंगा जब तक उलझ सके
इस बार नहीं

इस बार कर्म का हवाला दे कर नहीं उठाऊंगा औज़ार
नहीं करूंगा फिर से एक नई शुरुआत
नहीं बनूंगा मिसाल एक कर्मयोगी की
नहीं आने दूंगा ज़िंदगी को आसानी से पटरी पर
उतरने दूंगा उसे कीचड़ में, टेढ़े-मेढ़े रास्तों पे
नहीं सूखने दूंगा दीवारों पर लगा खून
हल्का नहीं पड़ने दूंगा उसका रंग
इस बार नहीं बनने दूंगा उसे इतना लाचार
की पान की पीक और खून का फ़र्क ही ख़त्म हो जाए
इस बार नहीं

इस बार घावों को देखना है
गौर से
थोड़ा लंबे वक्त तक
कुछ फ़ैसले
और उसके बाद हौसले
कहीं तो शुरुआत करनी ही होगी
इस बार यही तय किया है

प्रसून जोशी

शनिवार, 13 दिसंबर 2008

नीली ऑंखों का जादूगर राज कपूर


राज कपूर, यह वो नाम है, जो पिछले आठ दशकों से फिल्मी आकाश पर जगमगा रहा है और आने वाले कई दशकों तक भुलाया नहीं जा सकेगा। वैसे भी भूला तो उसे जाता है, जो दिमाग में हो। दिल में बसे लोगों को भला कैसे भुलाया जा सकता है। राज कपूर की यादें तो दिलों में गहराई तक बसी हुई हैं। उनकी ऑंखों का भोलापन ही उनकी फिल्मों की पहचान रहा है। पृथ्वीराज कपूर के सबसे बड़े बेटे राज कपूर का जन्म 14 दिसम्बर 1924 को पेशावर में हुआ था। उनका बचपन का नाम रणबीर राज कपूर था। कोलकाता में उनकी स्कूली शिक्षा हुई, लेकिन पढ़ाई में उनका मन कभी नहीं लगा। यही कारण था कि उन्होंने 10 की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। इस मनमौजी ने अपने विद्यार्थी जीवन में किताबें बेचकर खूब केले, पकोड़े और चाट खाई। माँ से नई किताबें खरीदने के लिए पैसे माँगते और दोस्तों के साथ गुलछर्रे उड़ाते।
1929 में जब पापा पृथ्वीराज कपूर मुंबई आए, तो उनके साथ मासूम राज कपूर भी मायानगरी के सपने ऑंखों में लिए साथ आ गए। पापाजी सिद्धांतों के पक्के थे। उन्होंने राज कपूर को साफ कह दिया था कि - राजू, नीचे से शुरुआत करोगे तो ऊपर तक जाओगे। पिता की यह बात उन्होंने गाँठ बाँध ली और सत्रह वर्ष की उम्र में जब उन्हें रणजीत मूवीटोन में साधारण एप्रेंटिस का काम मिला, तो उन्होंने वजन उठाने और पोंछा लगाने के काम से भी परहेज नहीं किया। काम के प्रति उनकी लगन पंडित केदारशर्मा के साथ काम करते हुए रंग लाई, जहाँ उन्होंने अभिनय की बारीकियों को समझा। एक बार गलती होने पर उन्होंने केदारशर्मा जी से चाँटा भी खाया था। उसके बाद एक समय ऐसा भी आया, जब केदार शर्मा ने अपनी फिल्म नीलकमल (1947) में मधुबाला के साथ उन्हें नायक के रूप में प्रस्तुत किया। इसके पहले बाल कलाकार के रूप में राज कपूर इंकलाब (1935)और हमारी बात (1943), गौरी (1943) में छोटी भूमिकाओं में कैमरे के सामने आ चुके थे। फिल्म वाल्मीकि (1946) में नारद और अमरप्रेम (1948) में कृष्ण की भूमिका निभाई थी। इन तमाम गतिविधियों के बावजूद उनके दिल में एक आग सुलग रही थी कि वे स्वयं निर्माता-निर्देशक बनकर अपनी स्वतंत्र फिल्म का निर्माण करे। उनका सपना 24 साल की उम्र में फिल्म आग (1948)के साथ पूरा हुआ। इसके बाद उनके मन में अपना स्टूडियो बनाने का विचार आया और चेम्बूर में चार एकड़ जमीन लेकर वहाँ आर.के. स्टूडियो बनाया। जिसमें सबसे पहले फिल्म आवारा की शूटिंग हुई।
राज कपूर को अभिनय विरासत में ही मिला था। पिता पृथ्वीराज अपने समय के मशहूर रंगकर्मी और फिल्म अभिनेता हुए हैं। अपने पृथ्वी थियेटर के जरिए उन्होंने पूरे देश का दौरा किया। राज कपूर भी उनके साथ जाते थे और रंगमंच पर काम भी करते थे। पृथ्वीराज कपूर को मरणोपरांत दादासाहेब फालके अवार्ड दिया गया।
राज कपूर और रंग : राज कपूर को बचपन में ही सफेद साड़ी पहने स्त्री से मोह हो गया था। इस मोह को उन्होंने जीवन भर बनाए रखा। उनकी फिल्मों की तमाम हीरोइनों- नरगिस, पद्मिनी, वैजयंतीमाला, जीनत अमान, पद्मिनी कोल्हापुरे, मंदाकिनी ने सफेद साड़ी परदे पर पहनी है और घर में पत्नी कृष्णा ने हमेशा सफेद साड़ी पहनकर अपने शो-मेन के शो को जारी रखा है।
राज कपूर और संगीत : राजकपूर को संगीत की अच्छी समझ थी। गीत बनने के पहले उन्हें एक बार अवश्य सुनाया जाता था। आर.के. बैनर तले अपने संगीतकार-शंकरजय किशन, गीतकार- शैलेंद्र, हसरत जयपुरी, विट्ठलभाई पटेल, रविन्द्र जैन, गायक- मुकेश, मन्ना डे, छायाकार- राघू करमरकर, कला निर्देशक- प्रकाश अरोरा, राजा नवाथे आदि साथियों की टीम तैयार की। फिल्मी दुनिया में उन्होंने संगठन का जो उदाहरण दिया है, वह बेजोड़ है।
राज कपूर और गायन : राज कपूर ने अपना प्लेबैक पहली बार खुद दिया था, फिल्म थी- दिल की रानी। 1947 में बनी इस फिल्म के संगीत निर्देशक थे- सचिनदेव बर्मन। इस फिल्म की नायिका थी मधुबाला। गीत का मुखड़ा है- ओ दुनिया के रखवाले बता कहाँ गया चितचोर। इसके अलावा राजकपूर ने फिल्म जेलयात्रा में भी एक गीत गाया था।
राज कपूर का प्रेम : राज कपूर और नरगिस ने 9 वर्ष में 17 फिल्मों में अभिनय किया। अलगाव के बाद दोनोें ही खामोश रहे। उनकी गरिमामयी खामोशी उस युग का संस्कार थी। 1956 में फिल्म जागते रहो का अंतिम दृश्य नरगिस की विदाई का दृश्य था। रात भर के प्यासे नायक को मंदिर की पुजारिन पानी पिलाती है। फिल्म की वह प्यास सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक थी। राजकपूर और नरगिस के बीच अलगाव की पहली दरार रूस यात्रा के दौरान आई। तब तक 'आवारा' रूस की अघोषित राष्ट्रीय फिल्म हो चुकी थी। मास्को के ऐतिहासिक लाल चौराहे पर राज कपूर का नागरिक अभिनंदन किया गया। उसी रात राज कपूर ने नरगिस से कहा- आई हैव डन इट। इसके पूर्व हर सफलता पर राज कपूर कहते थे- वी हैव डन इट। दोनों के पास समान अहम था और अनजाने में कहे गए एक शब्द ने उनके संबंधों में दरार डाल दी। वर्षों की अंतरंगता पर एक शब्द भारी पड़ गया। राज कपूर और नरगिस जिस तरह अपने प्रेम में महान थे, उसी तरह अपने अलगाव में भी निराले थे।
25 वर्ष बाद ऋषिकपूर के विवाह में नरगिस अपने पति और पुत्र के साथ आर.के. आई थीं। उस यादगार मुलाकात में राज कपूर मौन रहे। यहाँ तक कि उनकी बहुत कुछ बोलनेवाली ऑंखें भी मौन ही रही। नरगिस ने कृष्णाजी से कहा कि आज पत्नी और माँ होने पर उन्हें उनकी पीड़ा का अहसास हो रहा है। किंतु गरिमामय कृष्णाजी ने उन्हें समझाया कि मन में मलाल न रखें, वे नहीं होती तो शायद कोई और होता। राज कपूर के सफल होने में बहुत-सा श्रेय कृष्णाजी को जाता है। आज भी वह महिला फिल्म उद्योग में व्यवहार का प्रकाश स्तंभ है।
1987 को दादा साहेब फालके पुरस्कार की घोषणा होते ही राज कपूर को बेहद खुशी हुई, लेकिन 2 मई को पुरस्कार लेते समय ही उन्हें अस्थमा का दौरा पड़ा। जिंदगी और मौत के बीच वे एक माह तक संघर्ष करते रहे। अंत में 2 जून 1988 को उनका देहावसान हो गया। इसे एक संयोग ही कहा जा सकता है कि 3 मई 1980 को नरगिस का देहांत हुआ और राज कपूर को अस्थमा का दौरा 2 मई को पड़ा। साल भले ही अलग हों, पर तारीखें तो काफी करीब थीं। है न अजीब संयोग!
राज कपूर स्वयं हाईस्कूल पास नहीं कर पाए थे, तो क्या हुआ। आज उनकी बनाई पुणे की लोनी हाई स्कूल में हजारों बच्चे हर साल उत्तीर्ण हो रहे हैं। भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह एक ऐसा परिवार है, जिसे फिल्म का सर्वोच्च दादा साहेब फालके पुरस्कार दो बार मिला है। इस परिवार की चार पीढ़ियाँ फिल्मी क्षेत्र में अपनी सेवाएँ दे रही हैं। ऋषिकपूर के बेटे रणवीर कपूर, रणधीर कपूर की बेटियाँ करिश्मा और करीना ने इस परंपरा को बनाए रखा है। आर.के.स्टूडियो भले ही परिस्थितिवश बदहाली में हो, किंतु भाई शशिकपूर ने पृथ्वी थियेटर को अपने बच्चों के हाथों सौंपकर पिता की विरासत को सहेजे रखा है।
भारती परिमल

शनिवार, 6 दिसंबर 2008

ख्यातनाम शिक्षा मंदिर: नाम बड़े और दर्शन छोटे

डॉ. महेश परिमल
शिक्षा के नाम पर हमारी सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, इसके बाद भी शिक्षा के स्तर पर कोई उल्लेखनीय परिवर्तन दिखाई नहीं दे रहा है। दूसरी ओर सरकार पर हावी शिक्षा माफिया की हालत तो और भी बदतर है। आज निजी स्कूलों की मनमानी पर किसी प्रकार का अंकुश नहीं है। यहाँ तक की चंदे के नाम पर लाखों रुपए वसूलने वाली महानगरों की कई शालाओं की हालत इतनी खराब है कि कुछ कहना ही मुश्किल है। इसका पता तो तब चला, जब देश के आईटी उद्योग में उच्च स्थान रखने वाली विप्रो कंपनी ने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार करने के लिए एक अभियान चलाया।
इस कंपनी ने एजुकेशनल इनिशिएटिप्स नाम की एक गैर सरकारी संस्था के साथ मिलकर एक सर्वेक्षण किया। इस सर्वेक्षण में देश के पाँच महानगरों की 142 प्रतिष्ठित शालाओं के 32 हजार विद्यार्थ्ाियों को अपने संरक्षण में लिया। ये सभी शालाएँ ऐसी थीं, जहाँ डोनेशन के नाम पर पालकों से लाखों रुपए वसूले जाते हैं। इन शालाओं के विद्यार्थी एसएससी बोर्ड की परीक्षा में मेरिट लिस्ट में आते हैं। सभी शाालाएँ ऍंगरेजी माध्यम की थीं। इन शालाओं में करोड़पतियों की संतानें शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। विप्रो ने जब इन शालाओं के विद्यार्थ्ाियों की ऍंगरेजी, गणित और विज्ञान की परीक्षा ली गई, तब यह सामने आया कि ये सारे बच्चे केवल रटने के कारण ही परीक्षा में अपना स्थान बनाते थे। बुद्धि का उपयोग कर शिक्षा प्राप्त करने में इनकी कोई रुचि नहीं थी। कहाँ तो विप्रो कंपनी अपनी शिक्षा में सुधार के लिए सर्वेक्षण करने निकली थी और कहाँ इस तरह की चौंकाने वाली जानकारी मिली।
हमें दूर से जो पहाड़ बहुत ही खूबसूरत नजर आते हैं, वास्तव में वे वैसे होते नहीं हैं। ठीक इसी तरह अधिक डोनेशन लेने वाली न जाने कितनी शालाएँ महानगरों में ऐसी हैं, जिनका नाम तो बहुत है, पर अंदर से पोलमपोल है। वहाँ के विद्यार्थी भले ही वातानुकूलित कमरों में बैठकर पढ़ते हों, साथ ही सभी कक्षाओं में इंटरनेट कनेक्शन हों, वहाँ कंप्यूटर लेबोरेटरी हो, परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करते हों, पर यह सब रटंत विद्या का कमाल है। वास्तव में यहाँ के विद्यार्थ्ाियों को इस तरह की कोई शिक्षा नहीं दी जाती, जिससे उसका आत्मिक विकास हो। सुविधाओं से विद्यार्थ्ाियों की पढ़ाई की गुणवत्ता सुधरती है, इसे महानगरों की ये शालाएँ झुठलाती हैं। विप्रो और एजुकेशनल इनिसिएटिव्स संस्था का उद्देश्य प्रतिष्ठित स्कूलों में शिक्षण की गुणवत्ता कितनी सुधरी है, इस पर शोध करना था, पर यहाँ तो कुछ और ही नजारा देखने को मिला।
आज की प्रतिष्ठित स्कूलों के विद्यार्थी एसएससी बोर्ड में 90 प्रतिशत या उससे भी अधिक अंक हासिल करते हैं, इससे शिक्षक और पालक अतिप्रसन्न हो जाते हैं। वे समझते हैं कि उनके स्कूल का शिक्षण अन्य स्कूलों की अपेक्षा बेहतर है। जो विद्यार्थी परीक्षा में अच्छे अंक लाता है, उसका यह आशय कतई नहीं है कि वह उस विषय की गहराई से जानकारी रखता है। विषय की पूरी समझ और उसकी उपयोगिता प्राप्त किए बिना ही रटंत विद्या से वे अपने विषय में अधिक से अधिक अंक प्राप्त कर लेते हैं। विप्रो और एजुकेशनल इनिशिएटिव्स की ओर से आयोजित परीक्षा में 142 शालाओं के 32 हजार विद्यार्थ्ाियों ने भाग लिया। इस परीक्षा का उद्देश्य यही था कि विद्यार्थ्ाियों की समझशक्ति, तर्कशक्ति, बुद्धिशक्ति और मौलिकता से विचारने की शक्ति की जाँच की जाए। इस परीक्षा के जो चौंकाने वाले परिणाम सामने आए और चार महानगरों की प्रतिष्ठित कहलाने वाली स्कूलों के अधिकांश विद्यार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए।
विप्रो कंपनी ने इस सर्वेक्षण में यह चालाकी की कि सभी प्रश्नों को घुमा फिराकर पूछा जाए। इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि जिसमें दिमाग लगता है, वह सवाल किस तरह से हल किए जाते हैं। विद्यार्थ्ाियों को तो टेस्ट बुक या गाइड का ही सहारा था, जिसमें सीधे-सादे प्रश्नों के उत्तर भी सीधे तरीके से दिए जाते हैं। इसी कारण इन स्कूलों के तेजस्वी बच्चों को विप्रो के गुगली सवालों के उत्तर देने में नानी याद आ गई और वे बोल्ड हो गए। एक सवाल की बानगी देखें :- एक फीट की स्केल पर एक पेंसिल रखी गई, इस पेंसिल का बायाँ सिरा एक सेंटीमीटर के निशान पर था और दायाँ सिरा 6 सेंटीमीटर पर था। विद्यार्थ्ाियों को इस पेंसिल की लम्बाई निकालनी थी। इस सवाल का जवाब केवल 11 प्रतिशत विद्यार्थ्ाियों ने ही सही दिए, अधिकांश विद्यार्थ्ाियों ने पेंसिल की लम्बाई 6 सेंटीमीटर बताई।
इसी तरह विज्ञान के विद्यार्थ्ाियों को भी भरमाया गया। उनसे शुद्ध भाप का केमिकल फार्मूला पूछा गया। इस सवाल का जवाब देने में 63 प्रतिशत विद्यार्थी गच्चा खा गए। मात्र 37 प्रतिशत विद्यार्थी ही इस सवाल का समझ पाए। 51 प्रतिशत विद्यार्थ्ाियों का यह कहना था कि भाप का कोई केमिमल फार्मूला होता ही नहीं। इन स्कूलों के विद्यार्थी विज्ञान को भी बिना समझे पढ़ रहे हैं, यह इसका सुबूत था। इस सर्वेक्षण ने कई राजनीतिज्ञों, शिक्षाशास्त्रीयों, समाजशास्त्रियों और पालकों के होश उड़ा दिए। सर्वेक्षण के दस्तावेज हमारी शिक्षा पद्धति में खामियों को उजागर करते हैं।
1. आजकल शालाओं में सच्ची परीक्षा नहीं ली जा रही है। विद्यार्थ्ाियों को रटंत विद्या से दूर करे और उनकी समझ को बढ़ाए, ऐसे प्रश्न नहीं पूछे जा रहे हैं। इन प्रतिष्ठित स्कूलों में बच्चों को रट्टू तोता बनाकर रख दिया है।
2. विद्यार्थी यह मानते हैं कि आज उन्हें जो ज्ञान दिया जा रहा है, उसका जीवन में कोई अर्थ नहीं है, इसलिए इसे तो रटकर ही सीखा जा सकता है। इसलिए वे रटने को अधिक प्राथमिकता देते हैं। विद्यार्थ्ाियों को दी जाने वाली शिक्षा का जीवन में किस तरह से अधिक से अधिक उपयोग में लाया जाए, यह नहीं बताया जा रहा है। इसलिए विद्यार्थी भी केवल रटने में ही अपनी भलाई समझते हैं।
3. आज स्कूलों में जो कुछ पढ़ाया जा रहा है, वह न्यू थ्योरीकल नॉलेज होता है। किसी भी विषय में विद्यार्थ्ाियों को कोई ज्ञान नहीं दिया जाता। विज्ञान जैसे विषय को भी प्रयोगशाला के बजाए ब्लेकबोर्ड पर समझाया जा रहा है। भूगोल को पढ़ाने के लिए शाला की तरफ से किसी प्रवास का आयोजन नहीं किया जाता है। इतिहास पढ़ाने के लिए किसी तरह के नाटक का मंचन नहीं किया जाता। फलस्वरूप विद्यार्थी उत्तीर्ण होने के लिए रटंत विद्या का सहारा लेते हैं। इससे उनके मस्तिष्क में दोहरा भार पड़ता है और वे मानसिक तनाव के शिकार हो जाते हैं। इससे उनका बौद्धिक विकास रुक जाता है।
4. इस सर्वेक्षण ने बोर्ड द्वारा ली जाने वाली तमाम परीक्षाओं की पोल खोलकर रख दी है। जो विद्यार्थी इन परीक्षाओं में 90 प्रतिशत अंक लाते थे, वे ऍंगरेजी, विज्ञान और गणित की परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो गए। इस कारण यही है कि ये विद्यार्थी गाइड पढ़कर और उसे रटकर ही परीक्षा पास कर लेते थे। इन परीक्षाओं में विद्यार्थ्ाियों की रटंत विद्या प्रतिभा की कसौटी होती थी। उनके ज्ञान के कौशल की परीक्षा नहीं होती थी।
इन सर्वेक्षणों के आधार पर मुम्बई के होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन के प्रोफेसर डॉ. के सुब्रमण्यम का कहना था कि इससे यह स्पष्ट होता है कि जिन प्रतिष्ठित शालाओं में जिस तरह से शिक्षा दी जा रही है, वह संतोषकारक नहीं है। विद्यार्थी अपने मस्तिष्क का उपयोग नहीं कर रहे हैं। कुछ दोष तो शिक्षा पद्धति का भी है, जिसमें विद्यार्थ्ाियों की समझ बढ़े, उनके विचारों को गति मिले, उनके विश्लेषण की क्षमता बढ़े, ऐसा कोई प्रयास इस पद्धति में दिखाई नहीं देता। अधिक अंक पाने के लिए अधिक दबाव से ऐसे हालात बन रहे हैं। शिक्षा का सही उद्देश्य पाठयक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों को ज्ञान देना होना चाहिए। क्या हमारे शिक्षाशास्त्री शिक्षा की कोई ऐसी पद्धति विकसित कर सकते हैं, जिसमें बच्चे की बुद्धि और प्रतिभा का समुचित विकास हो?
डॉ. महेश परिमल

गुरुवार, 4 दिसंबर 2008

आंचलिक भाषाई सांप्रदायिकता के संकट

प्रमोद भार्गव
अब तक सांप्रदायिकता को उन्मादित धार्मांधाता और जातीय विद्वेष के परिप्रेक्ष्य में ही देखा जाता रहा है। लेकिन महाराष्ट्र में दो उत्तर भारतीयों की हत्या के बाद इस भाषाई जघन्यता को हम आंचलिक भाषाई सांप्रदायिकता के विंधवसक रुप में भी देखने को विवश हैं। सत्ता के लिए राजनीतिज्ञों का यह संधीय सोच ही सास्कृतिक राष्जमीअत ने आतंकवाद के खिलाफ प्रस्ताव लाने के अलावा पुरजोर तरीके से इस बात का ऐलान भी किया कि वह किसी भी तरह के आतंकवाद के खिलाफ है और मुल्क में इसके खिलाफ लड़ रहे लोगों के साथ कांधो से कांधा मिलाकर लड़ने के लिए तैयार है। उलेमा ने साफ तौर से कहा कि अगर कोई मुसलमान दहशतगर्दी में शामिल पाया जाए, तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।राष्ट्रीय अखंडता को विभाजन के संदर्भ में खंडित करने का कारण बना था और अब फिर से स्थानीय राजनीतिक नेतृत्वों में उभार के चलते यह संकट गहरा रहा है। हालांकि सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि राज ठाकरे उनकी मनसे और महाराष्ट सरकार किसी को भी देश की एकता को खण्डित करने वाली हरकतें करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। लेकिन स्वयंभू 'मराठी मानुष' है कि मानता ही नहीं।
राष्ट्र या किसी क्षेत्र विशेष के प्रति मोह, चिंता और उसके विकास व रोजगार के प्रति स्वप्नदृष्टि जब आंचालिक भाषावाद, जातिवाद या संप्रदायवाद में तब्दील हो जाती है तो यह अतिवाद की संभावनाओं को जन्म देती है जिसकी परिणति राज्य की प्रतिस्पधारी राजनीति क्रूर व विस्फोटक रुपों में सामने आकर स्थानीय राष्ट्रीयताओं को उभारती है, जो संघीय भारत के खतरों को बढ़ाती हैं क्योंकि भारत एक राष्टीय इकाई जरुर हैं लेकिन उसमें अनेक सास्कृतिक राष्ट्रीयताएं बसती हैं।
शिवसेना से अलग होने के बाद राज ठाकरे ने महाराष्ट्र में अपनी स्वतंत्र राजनीति की स्थापना के दृष्टिगत तथाकथित महाराष्ट्र व मराठी भाषियों को लुभाने के प्रति जो आक्रामक बयानेबाजियों की मुहिम चला रखी है यह बेलगाम स्थिति और इससे उपजी प्रतिक्रियाएं संकीर्ण राज्यवाद को जन्म देने वाली हैं। आंचलिक भाषाई संप्रदायवाद के आधार पर समाज के एक वर्ग को दूसरे वर्ग के विरुध्द खड़ा करने की ये जघन्य राजनीतिक हरकतें सामाजिक समग्रता और सांस्कृतिक चेतना के लिए खतरा हैं। इसी का प्रतिफल रहा कि मुबंई में जब रेलवे की परीक्षा देने गए अभ्यार्थियों को शिवसेना और मनसे के बाहुबलि गुर्गे खदेड़ते हैं तो बिहार में इनका प्रतिक्रिया स्वरूप आक्रोश राष्ट्रीय संपत्ति को नष्ट करने के रुप में सामने आता है। हांलाकि ये प्रति-घटनाएं केवल स्व - स्फूर्त नहीं होतीं बल्कि राज्य की प्रतिस्पधारी राजनीति और उससे जुड़ी ताकतें अंदरुनी स्तर पर इन्हें उकसाने का काम करतीं हैं।
दरअसल आजादी के साठ साल बाद भी हम औपनिवेशिक मानसिकता से पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाए हैं, इसी कारण हम एक देश के रुप में राष्ट्रीय इकाई होने के बावजूद हम पर क्षेत्रीय राष्ट्रीयताएं भाषावाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद व संप्रदायवाद अन्यान्य रुपों में हावी हैं, नतीजतन जैसे ही किसी भी वाद को हौवा बनाने के उपक्रम शुरु होते हैं वह क्षेत्रीय राजनीति के फलक पर उभर आता है। आंचलिक या स्थानीयता के इन्हीं उभारों के चलते शिवसेना, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, तृण-मूल कांग्रेस, गोंडवाणा गणतंत्र पार्टी और बहुजन समाजपार्टी अस्तित्व में आई। दरअसल आंचलिकता का उभार ही जन जागरण से जुड़ा होता है। स्थानीयता क बहाने ही दलित और पिछड़ों के बहुजन राष्टीय राजनीति के मुख्य फलक पर उभरे हैं। भूमण्डलीयकरण के प्रभाव और बाजारवाद की आंधी में यह भ्रम होने लगा था कि स्थानीयता के मुद्दे कमजोर पड़ जाएगें। वैश्वीकरण की अवधाारणा में स्थानीयता का विलोपीकरण हो जाएगा। अमेरिकी पूँजीवादी एकरुपता जैसे दुनिया के बहुलतावाद को खत्म कर देगीं ? हालांकि ये शंकाये पूँजीवादी अर्थव्यवस्था ढहने के बाद स्वयं समाप्त हो गईं। पर आजादी के समय जो सवाल अनुत्तरित थे वे आज भी कमोबेश अनुत्तरित ही हैं। बहुजन का उभार और उसका सत्ता में पर्याप्त हस्तक्षेप भी इन सवालों के व्यापक अर्थ अथवा राष्टीय परिप्रेक्ष्य में उत्तर तलाशपाने में असफल ही रहा।
स्थानीयता के मुद्दे ने ही कश्मीर के सवाल को चिर-प्रश्न बनाया हुआ है। जबकि कश्मीर का सवाल भी शिवसेना या मनसे के सवाल की तरह 'मुबंई सिर्फ मराठी-भाषियों के लिए है ' की तर्ज पर मुस्लिम या इस्लाम के लिए नहीं हैं वह भारत की अखंडता और सार्वभौमिकता से जुड़ा है। कश्मीर के महाराजा हरिसिंह ने सामंतवादी राज्यों के भारत में विकीनीकरण के दौरान अभिलेखों पर हस्ताक्षर कर राज्य सत्ता का हस्तातंरण भारत की प्रभुता के लिए किया था। कमोबेश इसी तरह की प्रक्रियाओं को अमल में लाने के साथ ही तमाम बड़ी रियासतें भारत का संवैधाानिक अंग बन गई थीं। लेकिन कालांतर में पाकिस्तानी शह और सहयोग से कश्मीर में मुस्लिम हित और इस्लाम का राग अलापा जाने लगा। हिंदुओं को अलगाववादी निशाना बनाकर खदेड़ने लगे। स्थानीय नेतृत्व ने प्रांतवाद के ऐसे ही सोच को उभारकर भारत को 'संघीय भारत' के रास्ते पर डाल दिया। क्योंकि राष्ट्रीय इकाई और क्षेत्रीय राष्टीयताओं के बीच बेहद बारीक विभाजन रेखा है जिसे स्थानीय सरोकारों से बरगलाकर उभारना किसी भी विघटनकारी नेतृत्व के लिए सरल व सहज है। खालिस्तान, नागालैण्ड, बोडोलैण्ड, गोरखालैण्ड, मराठालैण्ड इन्हीं क्षेत्रीय राष्ट्रीयताओं की उपज हैं।
यहां सवाल यह भी उठता है कि आंचलिकता अथवा स्थानीयता जब मानवीय सभ्यता और संस्कृति की इतनी मजबूत विरासत के रुप में अवचेतन में बैठी अवधाारणा है तो इन्हें गंभीरता से क्यों नहीं लिया जाता ? इंदिरा गांधी पंजाब में अकालियों की राजनीति खत्म करने के लिए भिंडरावाले को राजनीतिक सरंक्षण देकर खड़ा करती हैं और वह स्वयंभू तथाकथित आतंकवाद के बूते खालिस्तान का राष्ट्रधयक्ष बन बैठता है। ठीक इसी तर्ज पर शिवसेना को कमजोर करने के दृष्टिगत राज ठाकरे और उनकी स्थानीय अस्मिताओं को उभारने का भरपूर मौका महाराष्ट्र सरकार देती हैं, जिससे कांग्रेस और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी फायदे में रहें। अन्यथा राष्ट्रद्रोह की बयानबाजी करने वाले राज ठाकरे के विरूध्द कोई कठोर कारवाई करने से मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख क्यों हिचकिचाते रहें ? दल व व्यक्तिगत मंशाओं की पूर्ति के दृष्टिगत दायित्व निर्वाह में शिथिलता व लापरवाही बरतना भी एक तरह राष्टीय अनैतिकता है, जिसे अपराधा के दायरे में लाना चाहिए ? वैसे भी किसी भी सत्ताधारी को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि अतिवाद उनके हितों के लिए लाभकारी सिध्द होगा। मुंबई में 1992 में हुए सांप्रदायिक दंगों के कारण कांग्रेस से मुसलमान अलग हुआ और अब राज ठाकरे का मराठी अतिवाद उत्तर भारतीयों को अलग कर दे तो कोई हैरानी नहीं ?
दरअसल अकेले गांधाी ने व्यक्तिगत स्थानीयता और राष्ट्रीयता के परस्पर सामंजस्य को समझने की कोशिश की थी। उन्होने मार्गदर्शन करते हुए इसीलिए लघु परंपराओं के महत्व को बार-बार उल्लेखित किया है क्योंकि वे स्थानीयता या आंचलिकता की आधाारशीला हैं। निम्न वर्गों, वर्णों, जातियों और समुदायों की मानसिक स्थितियों की समझने की कोशिश करतें हैं। जबकि बृ्रहत परंपराओं के तहत उपरोक्त स्थितियों को समझा ही नहीं गया।
दलित और पिछड़ों के सामूहिक रुप से सत्ता में आने के बाद यह उम्मीद की जा रही थी कि अब तमाम अनुत्तरित सवालों के हल ढ़ूढ़ लिए जाएंगें ? परतुं ठीक इसके विपरीत 1990 के बाद से संसद में गरीब, अल्पसंख्यक और महिलाओं की चर्चा को नकारते हुए भूख, असमानता और सामाजिक न्याय के मुद्दे भी संसद से गायब हो गए। अब वहां जाति, अपराधाी और पूंजी के माफिया तंत्र का बोलबाला है। जिसकी ताकत में लगातार इजाफा हो रहा है। करीब एक सौ पूंजीपति राज्यसभा में हैं। लिहाजा अब राष्टीय व सर्वजन हितैषी मुद्दों की बजाय बाजार, सेंसेक्स फेरा की चर्चा होती है। जबकि संसद से सामाजिक समरसता का ऐसा संदेश जाना चाहिए था कि कश्मीर में हिंदुओं को रक्षा के लिए मुस्लिम सामने आएं, गुजरात मुस्लिमों की और कंधामाल में ईसाइयों की सुरक्षा को हिंदू आगे आएं, इस तारतम्य में महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों पर हो रहें हमलों को रोकने के लिए सामंजस्य स्थापना की बागडोर मराठी समाज मुखर होकर सामने आए ? अन्यथा अलगाव व वैमन्स्यता के इस जहरवाद के परिणाम घातक ही निकलेंगें।
प्रमोद भार्गव

बुधवार, 3 दिसंबर 2008

किस बिल में छिपे थे राज ठाकरे


नीरज नैयर
मुंबई में आतंकवाद की धुंध छटने के बावजूद हर किसी की जुबान पर बस एक ही नाम है राज ठाकरे. हर कोई बस यही जानना चाहता है कि मराठी हितों की दुहाई देने वाला यह मराठी मानुस आखिर तीन दिनों तक किस बिल में छिपा रहा. जब आतंकवादी मराठियों के खून से होली खेल रहे थे तब राज और उसकी बहादुर सेना मर्दानगी त्यागकर हाथों में चूड़ियां पहने क्यों बैठी रही. अगर राज और उसके गुंडे मराठियों के सच्चे पैरोकार थे तो उन्हें सड़कों पर गोलियां बरसा रहे आतंकियों से लोहा लेना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, जब जान पर बन आई तो सारी मराठीगिरी पल भर में ही काफूर हो गई. जिस मुंबई में हमेशा कभी दक्षिण भारतीयों के नाम पर तो कभी उत्तर भारतीयों के नाम पर नफरत का जहर घोला जाता रहा है उसी मुंबई को बचाने के लिए सेना और एनएसजी के कमांडो ने बिना कुछ सोच-विचारे जान की बाजी लगा दी क्यों? क्योंकि वह जानते हैं कि मुंबई भी उसी देश का हिस्सा है जिसमें यूपी और बिहार आते हैं. लेकिन राज ठाकरे जैसी संकीर्ण मानसिकता वाले लोगों के दिमाग में यह बात आसानी से नहीं आएगी. राज ठाकरे ने यह ऐलान किया था कि वो किसी भी उत्तर भारतीय को महाराष्ट्र में नहीं घुसने देंगे तो फिर उन्होंने कमांडो से उनकी जात-पात जाने बगैर मुंबई में कैसे उतरने दिया. राज को चाहिए था कि वो पहले उत्तर भारतीय कमांडो की पहचान करते, फिर उनके साथ भी वैसा ही सुलूक करते जैसा वो आमजन के साथ करते आए हैं. लेकिन राज ने ऐसा कुछ नहीं किया. दरअसल राज जैसे लोग कुछ करने के काबिल भी नहीं हैं. वैमनस्य फैलाते-फैलाते वह खुद ऐसी गंदी दीवार में परिवर्तित हो गये हैं जिस पर थूकना भी कोई पसंद नहीं करता. मुंबई भले ही आज आतंकी हमले को लेकर चर्चा में है, पूरा देश मारे गये लोगों के गम में सिसकियां भर रहा है लेकिन कुछ वक्त पहले तक मुंबई अपनी नपुंसकता छिपाने के लिए मर्दानगी का भौंडा प्रदर्शन करने वाले राज ठाकरे की ज्यादतियों को लेकर सुर्खियों में थी. राज के पालतू , लोगों को बीच सड़क पर मार रहे थे, सरकारी संपत्ति को स्वाहा कर रहे थे और सरकार कह रही थी कि बच्चा बस थोड़ा सा बिगड़ गया है. राज डंके की चोट पर चुन-चुनकर निर्दोष उत्तर भारतीयों पर हमले कर रहे थे लेकिन राज्य सरकार खामोश थी और केंद्र सरकार को इस ओर देखना भी मंजूर नहीं था. राजनीतिक अकर्मण्यता और खुद को बचाने की राजनीति के चलते ही राज जैसे लोगों का हौसला आज बुलंदी पर है. वरना क्या मजाल की एक अदना सा बौराया हुआ युवक 100-200 निठल्लों को लेकर पूरी सरकारी मिशनरी को जाम करने की हिम्मत दिखा सके. आज हालात यह हो गये हैं कि मुंबई में बसने वाला जो गैरमराठी कभी अपनेपन के साथ समुद्र के किनारे, सड़कों पर बेखौफ होकर टहला करता था वो आज घर से बाहर निकलने में भी घबराने लगा है. सबसे अजीब बात तो यह है कि राज के इस असभ्य तौर-तरीके पर राजनीतिक वर्ग के साथ-साथ सभ्य समाज भी मौन धारण किए हुए है. शायद सभी राज के लिए इस कहावत को चरितार्थ करते हैं कि पानी में रहकर मगरमच्छ से बैर नहीं किया जाता. वैसे ऐसा नहीं है कि केवल राज ठाकरे ही क्षेत्रवाद और जात-पात के नाम पर घिनौना खेल खेलने में लगे हैं या मुंबई ही अकेली इस आग में जल रही है. असम भी कुछ ऐसी ही स्थिति से गुजर रहा है और तमिलनाडु भी ऐसी लपटों से झुलस चुका है. मुंबई में करीब 40 साल पहले बाल ठाकरे ने भी मराठी माणुस का पत्ता खेलकर नफरत की सियासत से अपना घर सींचने की कोशिश की थी. उनकी बनाई शिवसेना ने हर वो काम किया था जो देश की एकता और अखंडता पर चोट करने वाला था. बस फर्क सिर्फ इतना था कि उस वक्त उनके निशाने पर दक्षिण भारतीय थे और आज उनके भतीजे के निशाने पर उत्तर भारतीय. 2006 में राज ने जब चाचा का दामन छोड़ा था तो बाल ठाकरे ने उन्हें बिना पतवार की नाव करार दिया था लेकिन आज राज उनसे आगे निकलने की होड़ में लगे और काफी हद तक निकल भी गये हैं. राज को मराठियों का काफी हद तक समर्थन मिल रहा है. पढ़े-लिखे लोग हालांकि राज के हिंसात्मक रवैये की निंदा जरूर कर रहे हैं मगर सिध्दांतत: वो राज से सहमत हैं. वो कहीं न कहीं समझते हैं कि बाहरी लोगों के आने से उनके अधिकारों में कटौती हुई है जबकि यह तर्कसंगत नहीं है. महाराष्ट्र में अब भी सबसे ज्यादा नौकरियां मराठियों के पास हैं. हाल ही में सार्वजनिक हुई एक रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गई है. लेकिन राज को ऐसी रिपोर्टों से कोई मतलब नहीं उन्हें मतलब है तो केवल इस बात से कि कैसे चुनाव से पहले मराठी वोट बैंक को अपने पक्ष में किया जाए, कैसे बाल ठाकरे को नीचा दिखाया जाए और कैसे मराठियों का देवता बना जाए. राज जो भी कर रहे हैं उसका गुस्सा कई बार देश के अन्य राज्यों में दिखलाई पड़ चुका है. गैर-मराठी मराठियों से नफरत करने लगे हैं, उन्हें अपना दुश्मन समझने लगे हैं. बिहार में जब मराठी पर्यटकों को पुलिस सुरक्षा में सीमा से बाहर तक छोड़ा गया, उनसे हिंदी में बात करने को कहा गया, पारंपरिक वेशभूषा न पहनने की हिदायत दी गई तो समझ आ जाना चाहिए कि नफरत अब महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं रही. लोग राज से ज्यादा राज्य सरकार से खफा हैं. उन्हें लग रहा है कि सरकार खुद गैरमराठियों को बाहर करवाना चाहती है, इसलिए राज के खिलाफ कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. उन पर केवल मामूली धाराएं लगाई जा रही हैं, ताकि आसानी से उन्हें बेल मिल जाए. राज जब गिरफ्तार किए जाते हैं तो किसी अपराधी की तरह नहीं बल्कि किसी महाराजा की तरह जिनके साथ सैकड़ों सैनिक चल रहे होते हैं. अदालत से बाहर निकलने पर उनका बर्ताव किसी राजा से कम नहीं होता, पुलिस अधिकारी खुद उनकी कार का दरवाजा खोलते हैं, उन्हें सुलूट मारते हैं. यह सुनिश्चित करते हैं कि उन्हें कोई असुविधा न हो. पूरा सरकारी तंत्र राज के इर्द-गिर्द दिखाई पड़ता है ऐसे में उत्तर भारतीयों की आवाज किस को सुनाई दे सकती है. मुंबई हमले के तुरंत बाद एक हिंदीभाषी पत्रकार को इतना मारना कि उसकी टांग टूट जाए, रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आ जाएं, खून रोकने के लिए कई टांके लगाने पड़ें तो राज के मानसिक दिवालिएपन का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकात है. राज भले ही तीन दिनों तक चूहा बने किसी बलि में छिपे रहे मगर अब फिर वो पागल कुत्ते की तरह गैरमराठियों को काटेंगे, सरकारी बाशिंदे फिर उन्हें पुचकारेंगे और फिर मुंबई नफरत की हिंसा में सुर्खियों बटोरती रहेगी.
नीरज नैयर
9893121591

सोमवार, 1 दिसंबर 2008

आओ एड्स के खिलाफ एक हो जाएँ


डॉ. महेश परमिल
कुछ समय पहले अखबारों में पढ़ा था कि पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति के रक्त की जाँच में उसे एचआईवी पॉजीटिव पाया गया। इसके बाद तो उस व्यक्ति का जीना ही मुहाल हो गया। उसे अपने ही नाते-रिश्तेदारों की उपेक्षा सहनी पड़ी। उसे समाज से ही बहिष्कृत कर दिया गया। सभी उसे कटाक्ष भरी दृष्टि से देखते। लोग उससे दूर-दूर रहते। कई लोग तो उसे छूना भी पसंद नहीं करते। एक तरह से तो वह जीवित रहकर भी मरणासन्न हो गया था। कई दिनों बाद पता चला कि उसकी रिपोर्ट गलत थी। जाँच में गलती हो गई, किसी और के रक्त की रिपोर्ट को उसकी रिपोर्ट बता दिया गया। उस व्यक्ति को तो सही साबित कर दिया गया, पर इस बीच उसने जो कुछ सहा, वह मौत से बदतर था। वह अपने ही लोगों की ऑँखों के सामने गिर गया। आखिर तक उसे वह इात नहीं मिल पाई, जिसका वह हकदार था।
यह हमारे समाज की एक ऐसी सच्चाई है, जिसे हर कोई स्वीकार तो करता है, पर इसे दूर करने की दिशा में एक कदम भी नहीं उठाना चाहता। आजो विश्व एड्स दिवस है। तमाम अखबारों को पढने पर पता चला कि हमारे देश में एड्स रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी के साथ बढ रहे हैं इस बीमारी की रोकथाम के उपाय। हम सभी जानते हैं कि एड्स एक जानलेवा बीमारी है। सावधानी ही इससे बचने का एकमात्र उपाय है। लोगों में यह आम धारणा है कि यह बीमारी केवल बड़ों को ही होती है। पर सच तो यह है कि इस रोग के संबंध में आवश्यक जागरूकता एवं सावधानी के अभाव में आज बच्चों में भी एड्स तेजी से फैल रहा है। विश्व में 15 साल से नीचे की उम्र के एक करोड़ बालक ऐसे हैं, जो एड्स के कारण अपने माता-पिता की छत्रछाया से वंचित हो गए हैं। इन बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।
हाल ही में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे स्पष्ट होता है कि हमारे देश में अभी भी हजारों बच्चे ऐसे हैं, जिन्हें यह बीमारी विरासत में मिली है। माता यदि एचआईवी पॉजीटिव हो, तो बालक जन्म के साथ ही यह बीमारी अपने साथ लाता है। सका वायरस उसके खून में पहले ही समा चुका होता है। यह एक चिंता का विषय है कि आजकल हमारे देश में कई बच्चे माता की कोख में ही इस बीमारी से ग्रस्त हो रहे हैं। अब तो माँ की कोख भी सुरक्षित नहीं रही। इस जानलेवा बीमारी को रोकने के लिए विश्व स्तर पर वैज्ञानिक शोधकार्य में लगे हुए हैं, निश्चित रूप से इसके अच्छे परिणाम सामने आएँगे, पर इसके लिए समय लगेगा। अभी तो इसके लिए बिना किसी की सहायता लिए अपनी ओर से एक कदम उठाना ही होगा। यह कदम क्या हो, इस पर कई लोगों के कई विचार हो सकते हैं। सबसे पहले तो यह हो सकता है कि इस बीमारी से ग्रस्त लोगों से प्यार से बातचीत करें। उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव न करें। उसके सामने ऐसी कोई हरकत न करें, जिससे उसे लगे कि उसकी उपेक्षा की जा रही है। इस बात को हमेशा ध्यान में रखें कि णसन तो रोगी के कपड़े पहनने से होता है, न हाथ मिलाने से होता है और न ही उसके साथ भोजन करने से होता है। यह सब करने से केवल प्यार ही बढता है। यदि हमें पता चल जाए कि किसी व्यक्ति को एड्स है, तो उससे इस तरह से व्यवहार करें, जिससे उसे अपनी जिंदगी से प्यार हो जाए और वह पूरी शिद्दत के साथ जिंदगी जीने की कोशिश करे।
यह आश्चर्य की बात है कि पूरे विश्व में अब तक 4 करोड़ लोग एचआईवी ग्रस्त हैं। इस बीमारी ने अभी तक 80 लाख लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। इसके बाद भी विश्व में अभी भी 80 प्रतिशत लोगों को यह मालूम ही नहीं है कि एड आखिर है क्या? यह अज्ञानता ही है, जो लोगों को इस बीमारी के करीब ला रही है। एक बार जो इसकी चपेट में आ गया, वह मौत के करीब पहुँच जाता है। पर सच तो यह है कि यदि रोगी के भीतर जीने की लालसा हो, तो इस बीमारी को भी अपने से दूर भगा सकता है। इससे ग्रस्त निराश लोगों में जीवन का संचार करने में हम सबको महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। एड्स रोगी भी यह तय कर ले कि चाहे कुछ भी हो, मुझे इस बीमारी से लड़ना ही है, तो उसका आत्मविश्वास ही उसे एड्स से छुटकारा दिला सकता है। हमारे ही समाज में ऐसे कई लोग हुए हैं, जो एड्सग्रस्त होने के बाद भी पूरी तरह से सामान्य जीवन जीया है।
जीवन जीने की कला यही है कि मौत से पहले मत मरो और दुऱ्ख आने से पहले दुऱ्खी मत हो, हाँ लेकिन सुख आने के पहले ही उसकी कल्पना में ही सुख का अनुभव करो, खिलखिलाहट के पहले ही अपने होठों पर मुस्कान खिला लो। सकारात्मक सोच का सफर काफी लम्बा होता है और नकारात्मक सोच का सफर शुरू होने के पहले ही तोड़कर रख देता है। यह सब कुछ निर्भर करता है हमारे व्यवहार पर। इस व्यवहार में सोच की परत जितनी अधिक जमेगी, जीवन की खुशियाँ उतनी ही परतों के नीचे दबती चली जाएगी। निर्णय हमें करना है कि एड्स रूपी राक्षस के बारे में अधिक सोच-सोच कर जीवन को भार बनाना है या उसका मुकाबला कर जीवन को फूलों की पंखुड़ी सा हल्का और सुकोमल बनाना है? क्योंकि एड्स की भयावहता निश्चित ही एक क्षण को हमें कमजोर बना देती है, किंतु आज आवश्यकता है इस चुनौती को स्वीकारने की और इससे लडने की। एक बार फिर हमें अपने आपको समर्पित करना होगा एचआइवी के विरुध्द दृढ़ होकर ख़डे रहने के लिए और साथ ही इस बात का भी संकल्प लेना होगा कि हम इस वायरस से पीड़ित लोगों के जीवन में आशा की एक नई सुबह लाएँगे और उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करेंगे, ताकि वे अपना सामान्य जीवन जी सकें और हमारे साथ हँसी-खुशी से रहे सकें।
डॉ. महेश परिमल

Post Labels