बुधवार, 11 मई 2016

क्या हो रहा है ऋतिक-कंगना के बीच?

डॉ. महेश परिमल
इस समय ऋतिक-कंगना के बीच जो कुछ चल रहा है, वह लोगों के लिए भले ही चटखारे लेकर पढ़ने वाली बात हो, पर यह एक असफल प्रेम कहानी है, जो शुरू भले ही न हो पाई हो, पर आज जिस तरह से हम सबके सामने आ रही है, उससे यही लगता है कि दोनों ने यह तय कर लिया है कि परस्पर बुराई कर स्वयं को बेदाग बताएं। स्वयं को अच्छा और अच्छा बताने के चक्कर में दोनों ही बुरे बनते जा रहे हैं। एक तरह से ये दोनों ही उस प्यार की तौहीन कर रहे हैं, जिसे लोग सच्चा प्यार कहते हैं। वैसे बॉलीवुड के लिए प्यार करना कोई नई बात नहीं है। यहां तो रोज ही रिश्ते बनते हैं और रोज ही टूट भी जाते हैं। अब तो प्यार का प्रदर्शन करने से भी लोग बाज नहीं आते। ऋतिक-कंगना के मामले में वे दोनों तो कम, किंतु उनके वकील ही अधिक बोल रहे हैँ। यह स्थिति बहुत ही खराब होती है। शायद यही है प्यार की तौहीन। अब इन दोनों के कथित प्रेम के बारे में ही कुछ जान लें।
ऋतिक-कंगना के प्यार की शुरुआत हुई थी 2009 में। उस समय दोनों ही काइट फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। उस दौरान ऋतिक का वैवाहिक जीवन मुश्किलों से गुजर रहा था। उस समय तो वे उस फिल्म की हीरोइन बार्बरा मोरी के प्रति आकर्षित थे। पर बार्बरा ने उन्हें कोई भाव नहीं दिया। उस समय कंगना एक तरह से पीड़ा की नदी पार कर रही थी। वह कामयाब तो थी ही नहीं, कुछ ऐसी फिल्मों में उसने काम किया था, जिसमे उसने एक ही तरह का रोल बार-बार किया था। जब दो गमजदा मिल जाते हैं, तो उन्हें अपना दु:ख बांटने वाला मिल जाता है। दोनों ही अपनों से दु:खी थे। इसलिए करीब आ गए। इस मित्रता के कारण ही ऋतिक ने अपनी होम प्रोडेक्शन की फिल्म क्रिश में लीड हीरोइन का रोल ऑफर किया। क्रिश 3 की शूटिंग के दौरान ऋतिक ने कंगना को मनाने का काफी प्रयास किया। पहले तो कंगना इसके लिए तैयार ही नहीं हुई, पर ऋतिक के बार-बार अनुरोध के कारण वह तैयार हो गई। तब कंगना को पता चला कि ऋतिक से सुजान के साथ बहुत पहले ही संबंध तोड़ लिए हैं। अब वे दोनों अलग-अलग कमरे में सोते हैं। क्रिश 3 की शूटिंग खत्म होते ही कंगना अपनी अगली फिल्म क्वीन की शूटिंग के लिए मिलान रवाना हो गई। ऋतिक भी वहीं पहुंच गए। इस तरह से दोनों ने अपने प्यार को स्वीकृति दी। दोनों ने दिल खोलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इसी समय ऋतिक ने कंगना से साफ-साफ कह दिया कि सुजान मुझे शायद ही कभी तलाक दे। इसलिए हमारे संबंधों पर कभी भी मीडिया के सामने कुछ न कहना। कंगना भी इससे सहमत हो गई।
2013 में ऋतिक ने कंगना से कहा कि सुजान तलाक के लिए तैयार हो गई है। अब हम शादी कर सकते हैं। यह सुनकर कंगना सातवें आसमान पर पहुंच गई। उस समय वह स्विटजरलैंड में थी। ऋतिक तब थे अमेरिका में। ऋतिक अपने माता-पिता से लंदन में मिलकर कंगना से मिलने स्विटजरलैंड पहुंचे। तब तक कंगना पेरिस पहुंच चुकी थीं। ऋतिक पेरिस पहुंच गए। तब ऋतिक ने कंगना को सगाई की रिंग सौंपी, जिसे कंगना ने सहजता से स्वीकार कर लिया। इसके बाद तो कंगना भले ही सातवें आसमान पर हो, पर ऋतिक अपनी जमीन से ही जुड़े रहे। उन्हें शादी की जल्दी नहीं दिखाई। इसके बाद 2014 में ऋतिक ने बेंग-बेंग की शूटिंग शुरू कर दी। इस समय कंगना न्यूयार्क में थी। जब बेंग-बेंग की हीरोइन के रूप कैटरिना को लिया गया, तब उसे आघात लगा। उसने 14 फरवरी को ऋतिक से फोन पर कहा कि तुम्हें मेरे प्रति ईमानदार रहना चाहिए। तब ऋतिक ने पूछा कि उसने रिंग की बात किसी को बताई तो नहीं है ना? बस इतने पर ही कंगना समझ गई कि अब हमारे संबंधों का अंत आ गया है। इसी बीच उसकी क्वीन हिट हो गई, इस फिल्म के लिए उसे नेशनल अवार्ड भी मिला। वह लाइम लाइट मे आ गई। लोग उसके अभिनय की तारीफ करने लगे। इस बीच ऋतिक कुछ नरम पड़े। वे कंगना से अनुनय-विनय करने लगे। पर अब कंगना ने समझ लिया कि यह रिश्ता अधिक समय तक नहीं चल सकता। इसलिए उसने एक ऐसे नवोदित स्टार के साथ डायटिंग पर जाना शुरू कर दिया, जिसका पहले किसी के साथ कोई अफेयर नहीं था। कंगना की डेटिंग ऋतिक को नागवार गुजरने लगी। उसने कंगना के अपार्टमेंट के बाहर अपना एक जासूस फिट कर दिया। यह जासूस कंगना की हर गतिविधि की जानकारी ऋतिक को देता। अपनी इस हरकत से ऋतिक यह जानना चाहते थे कि नवोदित अभिनेता के साथ कंगना के संबंध कहां तक पहुंचे हैं? इसके लिए एक कदम आगे बढ़कर ऋतिक से पहले तो कंगना का मेल एकाउंट हेक कर लिया। इसमें कंगना और नवोदित अभिनेता के बीच हुई बातचीत भी उसने सुन ली। जब यह सब ऋतिक ने कंगना को बताया, तो कंगना स्तब्ध रह गई। कंगना ने कभी सोचा भी न था कि उसके साथ ऐसा भी हो सकता है। कंगना को शक अपने ब्वायफ्रेंड पर ही हुआ। उसने उसके साथ झगड़ा कर लिया। तब उसे पता चला कि ऋतिक ने उसके मेल को हेक कर लिया है। ये सारी जानकारी उसे मेल से ही मिली है।
अब तो कंगना ने मान ही लिया कि ऋतिक से सारे संबंध टूट चुके हैं। इसे ऋतिक ने भी समझ लिया। इसलिए उसने आशिकी 3 से कंगना को निकलवाकर सोनम कपूर को लेने का आग्रह भूषण कुमार से किया। फिल्म में सोनम कपूर को लेने से फिल्म फ्लाप हो गई। बाद में यह कहा जाने लगा कि फिल्म फ्लाप होने का कारण ऋतिक हैं। क्योंकि उसने कंगना को फिल्म से निकलवा दिया था। इस दौरान मेगजीन्स के गॉसिप कॉलम में यह छपने लगा कि कंगना ऋतिक की हीरोइनों को उससे दूर रहने की सलाह दे रही है। अपनी सलाह की मजबूती के लिए कंगना ने ऋतिक से हुई मेल पर बातचीत की कॉपी भी देने लगी। अब ऋतिक डर गए कि कंगना अब अपनी पर उतर आई है, वह कुछ भी कर सकती है। शायद उससे मेल पर हुई दूसरी बातचीत भी। इसलिए ऋतिक ने कंगना का मेल एकाउंट हेक कर उससे अपने पुराने मेल डिलीट कर दिए। ऐसा करते हुए उसे यह नहीं पता था कि वह साइबर क्राइम कर रहा है। इधर कंगना को पता चला कि ऋतिक उसका पीछा करने लगे हैं, तो उसने एक मेगजीन में इंटरव्यू दिया कि उसका एक्स ब्वायफ्रेंड उसे परेशान कर रहा है। कंगना ने किसी का नाम नहीं लिया। फिर भी लोग समझ ही गए। इस पर ऋतिक ने कंगना को कानूनी नोटिस भेज दिया।
उसके बाद तो वे दोनों तो कम, पर उनके वकील ही बोल रहे हैं। मीडिया को भी भरपूर मसाला मिल रहा है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पर इसमें वह प्यार न जाने कहां खो गया, जो दोनों के बीच था। वह प्यार अब पक्की दुश्मनी में बदल गया है। मामला आर-पार का है। दोनों ही खुद को पाक-साफ बताने में लगे हैं। दोनों की समर्थक भी हैं। कंगना के साथ नारीवादी भी हैं, इसलिए उसका पलड़ा कई बार भारी पड़ जाता है। उधर ऋतिक के भी कई प्रबल समर्थक हैं, जो उसके लिए नारे-जुलूस का इंतजाम तो कर ही सकते हैँ। अब तो मामला कोर्ट की शरण में है, इसलिए इस प्यार की यहीं इतिश्री होती है।
डॉ. महेश परिमल

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Labels